अदाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स और आईएचजी के बीच बड़ी साझेदारी, भारत में किम्पटन होटल्स की एंट्री

मुंबई : भारत के सबसे बड़े निजी एयरपोर्ट ऑपरेटर अदाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड और वैश्विक आतिथ्य क्षेत्र की प्रमुख कंपनी आईएचजी होटल्स एंड रिसॉर्ट्स ने भारत में पांच नए होटलों के विकास के लिए ऐतिहासिक समझौता किया है। इस साझेदारी के तहत देश के प्रमुख एयरपोर्ट और तेजी से विकसित हो रहे शहरी क्षेत्रों में 1500 से अधिक कमरों वाले होटल विकसित किए जाएंगे।

यह समझौता कई मायनों में खास माना जा रहा है, क्योंकि इसके जरिए आईएचजी के लग्जरी लाइफस्टाइल ब्रांड किम्पटन होटल्स एंड रेस्टोरेंट्स की भारत में पहली एंट्री होने जा रही है। दुनिया भर में डिजाइन-आधारित होटल, प्रीमियम डाइनिंग अनुभव और बुटिक लग्जरी के लिए मशहूर किम्पटन अब भारतीय बाजार में भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराएगा।

यह भी पढ़े - एनर्जी और इंटेलिजेंस इन्फ्रास्ट्रक्चर तय करेंगे भारत की ताकत : गौतम अदाणी

समझौते के तहत जयपुर, मंगलुरु, तिरुवनंतपुरम और मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन (एमएमआर) में होटल विकसित किए जाएंगे। इनमें किम्पटन होटल के साथ हॉलिडे इन और हॉलिडे इन एक्सप्रेस जैसे ब्रांड्स भी शामिल होंगे। ये सभी परियोजनाएं अदाणी एयरपोर्ट सिटीज़ के तहत विकसित की जाएंगी, जिनका उद्देश्य एयरपोर्ट-केंद्रित शहरी इंफ्रास्ट्रक्चर और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर को नई मजबूती देना है।

अदाणी एंटरप्राइजेज लिमिटेड के डायरेक्टर प्रणव अदाणी ने कहा कि समूह का उद्देश्य एयरपोर्ट, हॉस्पिटैलिटी और शहरी विकास को एकीकृत कर विश्वस्तरीय गंतव्य तैयार करना है। उन्होंने कहा कि आईएचजी के साथ यह साझेदारी भारत के तेजी से बढ़ते एविएशन और पर्यटन क्षेत्र के अनुरूप उच्च गुणवत्ता वाले हॉस्पिटैलिटी इंफ्रास्ट्रक्चर को बढ़ावा देगी।

वहीं, आईएचजी होटल्स एंड रिसॉर्ट्स के साउथ वेस्ट एशिया के मैनेजिंग डायरेक्टर सुदीप जैन ने कहा कि भारत में एयरपोर्ट-आधारित शहरी विकास और बढ़ती यात्रा मांग को देखते हुए यह साझेदारी बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि इस समझौते से आईएचजी को देश के हाई-ग्रोथ मार्केट्स में अपनी उपस्थिति और मजबूत करने का अवसर मिलेगा।

गौरतलब है कि आईएचजी वर्तमान में भारत में छह ब्रांड्स के तहत 52 होटल संचालित कर रहा है और आने वाले तीन से पांच वर्षों में 98 नए होटल शुरू करने की योजना पर काम कर रहा है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.