दो बाइकों की भिड़ंत के बाद बड़ा हादसा, सड़क पर गिरे युवकों को डंपर ने कुचला, दो की मौत

हरदोई : उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा कासिमपुर थाना क्षेत्र में उस समय हुआ, जब दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर के बाद सड़क पर गिरे लोगों को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने कुचल दिया।

पुलिस के अनुसार कासिमपुर थाना क्षेत्र के फतेहपुर पथरौली गांव निवासी पंकज (20), अनूप (18) और प्रवीण उर्फ बाबू (25) एक बाइक से बेहंदर जा रहे थे। इसी दौरान संडीला-बांगरमऊ मार्ग पर सामने से आ रहे मल्लावां थाना क्षेत्र के तिरिया भवानीपुर निवासी जितेंद्र (45) की बाइक से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई।

यह भी पढ़े - Hardoi News : हरदोई में ईंट भट्टे के गड्ढे में डूबने से मासूम भाई-बहन की मौत

टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइकों पर सवार चारों लोग सड़क पर गिर पड़े। तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने सड़क पर गिरे दो लोगों को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेहंदर भेजा गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। दोनों घायलों का इलाज जारी है।

प्रभारी निरीक्षक कासिमपुर घनश्याम राम ने बताया कि दुर्घटना में शामिल डंपर को कब्जे में लेकर थाने में खड़ा करा दिया गया है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर मिलने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.