- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- मानदेय वृद्धि से गदगद शिक्षामित्र, बाबा बालेश्वर नाथ मंदिर में करेंगे रुद्राभिषेक व भव्य भंडारा
मानदेय वृद्धि से गदगद शिक्षामित्र, बाबा बालेश्वर नाथ मंदिर में करेंगे रुद्राभिषेक व भव्य भंडारा
बलिया : प्रदेश सरकार द्वारा शिक्षामित्रों के मानदेय में बढ़ोतरी किए जाने के बाद जनपद के शिक्षामित्रों में खुशी का माहौल है। नई पीढ़ी को संस्कार, शिक्षा और आत्मविश्वास देने में अपनी अहम भूमिका निभाने वाले शिक्षामित्रों को अब सरकार ने बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहल पर शिक्षामित्रों का मानदेय 10 हजार रुपये से बढ़ाकर 18 हजार रुपये प्रतिमाह कर दिया गया है, जो अप्रैल 2026 से प्रभावी हो चुका है। इसके साथ ही 5 लाख रुपये तक की कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा, जीवन एवं दुर्घटना बीमा जैसी सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ भी सुनिश्चित किया गया है।
उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षा मित्र संघ के जिलाध्यक्ष पंकज सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार की सोच शिक्षामित्रों के प्रति सकारात्मक और संवेदनशील है। मानदेय वृद्धि इसका बड़ा प्रमाण है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में शिक्षामित्रों के स्थायीकरण को लेकर भी सुखद समाचार प्राप्त होगा।
उन्होंने बताया कि इस अवसर पर बाबा बालेश्वर नाथ महादेव की कृपा एवं आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए अपरान्ह एक बजे से सामूहिक रुद्राभिषेक आयोजित किया जाएगा। इसके बाद सुंदरकांड पाठ होगा तथा शाम पांच बजे से भव्य प्रसाद वितरण एवं भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
पंकज सिंह ने इस धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन में बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों, शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों, रसोइयों सहित आमजन से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।
