- Hindi News
- मनोरंजन
- “कोई भी व्यक्ति आपको शारीरिक रूप से चोट पहुँचाने का अधिकार नहीं रखता, चाहे वह आपका प्रिय ही क्यों न
“कोई भी व्यक्ति आपको शारीरिक रूप से चोट पहुँचाने का अधिकार नहीं रखता, चाहे वह आपका प्रिय ही क्यों न हो” : सुम्बुल तौकीर खान
मुंबई, फरवरी 2026। सोनी सब का लोकप्रिय धारावाहिक इत्ती सी खुशी रिश्तों की संवेदनशील परतों को ईमानदारी और सादगी के साथ दर्शकों के सामने पेश कर रहा है। शो की मुख्य पात्र अन्विता, जिसे सुम्बुल तौकीर खान निभा रही हैं, एक ऐसी महिला की कहानी है जो कम उम्र में ही जीवन की बड़ी जिम्मेदारियाँ निभाती है और हर परिस्थिति में आत्मसम्मान के साथ खड़ी रहती है।
सुम्बुल ने बताया कि यह दृश्य उनके लिए बेहद गहन और चुनौतीपूर्ण था। उन्होंने कहा, “यह लगभग नौ मिनट का सीन था। मैंने इसे ज्यादा रिहर्स नहीं किया, क्योंकि मैं चाहती थी कि भावनाएं बिल्कुल स्वाभाविक रहें। कैमरे के बारे में सोचे बिना मैंने बस उस पल को जिया।”
अन्विता के फैसले पर बात करते हुए सुम्बुल ने कहा कि यह दृश्य उसकी आंतरिक शक्ति को दर्शाता है। “कई लोग ऐसे हालात में चुप रहने को मजबूर होते हैं, खासकर जब अत्याचार किसी अपने से हो। लेकिन सच्चाई यह है कि किसी को भी आपको शारीरिक रूप से चोट पहुँचाने का अधिकार नहीं है, चाहे वह आपका प्रिय ही क्यों न हो।”
उन्होंने कहा कि इस तरह के विषयों को टेलीविजन पर संवेदनशीलता के साथ दिखाना बेहद जरूरी है। “यह कहानी सिर्फ महिलाओं के लिए नहीं, बल्कि पुरुषों के लिए भी है। किसी भी हाल में हिंसा को सही नहीं ठहराया जा सकता। टीवी के पास समाज में जरूरी बातचीत शुरू करने की ताकत है।”
अन्विता के किरदार से दर्शकों के जुड़ाव पर सुम्बुल ने कहा कि यह किरदार उन लोगों के लिए प्रेरणा बन सकता है, जो आत्मसम्मान और भावनात्मक निर्भरता के बीच संघर्ष करते हैं। “अन्विता हमेशा से स्वतंत्र रही है। जब इंसान अंदर से मजबूत होता है, तभी वह गलत के खिलाफ खड़ा हो पाता है।”
अंत में सुम्बुल ने कहा कि वह चाहती हैं कि दर्शक इस ट्रैक से यह संदेश लें कि विवाह या किसी भी रिश्ते में हिंसा को सामान्य नहीं माना जाना चाहिए। “आत्मसम्मान सबसे ऊपर है और इसे कभी नज़रअंदाज़ नहीं किया जाना चाहिए।”
इत्ती सी खुशी का प्रसारण हर सोमवार से शनिवार रात 9 बजे, केवल सोनी सब पर किया जाता है।
