‘पुष्पा इम्पॉसिबल’ में कोर्ट का चौंकाने वाला फैसला, ‘घर जेल’ की सज़ा के बाद पुष्पा के चाल में पहुंचेगी शनाया

मुंबई, सोनी सब का लोकप्रिय शो ‘पुष्पा इम्पॉसिबल’ एक मजबूत और आत्मनिर्भर महिला पुष्पा (करुणा पांडे) की प्रेरणादायक कहानी को दर्शाता है। गृहिणी से वकील बनने तक का उनका सफर संघर्ष, साहस और न्याय के प्रति अटूट विश्वास को दिखाता है।

आने वाले एपिसोड्स में कहानी में बड़ा मोड़ देखने को मिलेगा। शनाया (मुस्कान बामने) के खिलाफ चल रहे केस में अदालत का फैसला सभी को चौंका देगा। मामले में सामने आता है कि शनाया की लापरवाह ड्राइविंग के कारण पुष्पा की बहू प्रार्थना (पूजा कटुर्दे) की मौत हुई थी।

यह भी पढ़े - गुड़ी पड़वा पर सोनी सब के कलाकारों ने साझा की खुशियाँ और परंपराएँ

हालांकि अदालत शनाया की उम्र को देखते हुए अलग फैसला सुनाती है। चूंकि शनाया नाबालिग है, इसलिए उसे सामान्य जेल की सज़ा नहीं दी जा सकती। इसके बजाय अदालत उसे ‘घर जेल’ की सज़ा देती है, जिसके तहत उसे पुष्पा की निगरानी में उनके चाल में रहना होगा।

यह फैसला पुष्पा के परिवार और पूरे समुदाय के लिए भावनात्मक रूप से बेहद कठिन साबित होता है। एक तरफ लोग उस व्यक्ति को स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं हैं जिसकी वजह से उन्होंने अपने प्रियजन को खोया, वहीं दूसरी ओर शनाया के लिए चाल की जिंदगी में ढलना आसान नहीं है।

पुष्पा का मानना है कि जवाबदेही के साथ आत्मचिंतन और बदलाव जरूरी है। जैसे ही शनाया पुष्पा की दुनिया में कदम रखती है, रिश्तों में तनाव और भावनात्मक टकराव और गहरा हो जाता है।

पुष्पा का किरदार निभा रहीं करुणा पांडे ने कहा कि कोर्टरूम का यह पूरा सीक्वेंस बेहद भावनात्मक है, क्योंकि पुष्पा अपनी बहू के लिए न्याय की लड़ाई लड़ रही होती है। उन्होंने कहा कि ‘घर जेल’ का फैसला कहानी में एक जटिल स्थिति पैदा करता है, जहां पुष्पा को उस व्यक्ति के साथ रहना पड़ता है जो उसे उसके गहरे दुख की याद दिलाता है।

‘पुष्पा इम्पॉसिबल’ हर सोमवार से शनिवार रात 9:30 बजे सिर्फ सोनी सब पर प्रसारित होता है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.