- Hindi News
- संपादकीय
- सुखद संकेत
सुखद संकेत
दुनियाभर की अर्थव्यवस्थाएं मंदी जैसी स्थिति का सामना कर रही हैं। वैश्विक चुनौतियों की वजह से तमाम अर्थव्यवस्थाएं संकट का सामना कर रही हैं। लेकिन भारतीय अर्थव्यवस्था की स्थिति बेहतर है। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने शुक्रवार को जानकारी दी कि देश का विदेशी मुद्रा भंडार 8 दिसंबर को समाप्त सप्ताह में 2.82 अरब डॉलर बढ़कर 606.86 अरब डॉलर हो गया।
भारतीय विदेशी मुद्रा भंडार में महत्वपूर्ण उतार-चढ़ाव देखा गया है, जो देश की आर्थिक गतिशीलता और वैश्विक वित्तीय स्थितियों को दर्शाता है। देश के आर्थिक परिदृश्य को प्रतिबिंबित करने वाले उतार-चढ़ाव और रुझानों के साथ, भारत के विदेशी मुद्रा भंडार को समझना आवश्यक है। विदेशी मुद्रा भंडार किसी भी देश के केंद्रीय बैंक द्वारा रखी गई धनराशि या अन्य परिसंपत्तियां है, जिनका उपयोग वह जरुरत पड़ने पर अपनी देनदारियों का भुगतान करने के लिए कर सकता है।
विदेशी मुद्रा भंडार में वृद्धि निवेशकों में आत्मविश्वास और ऊर्जा का भी संचार करता है। विदेशी मुद्रा बाजार में अस्थिरता को कम करने के लिए विदेशी मुद्रा भंडार में वृद्धि अति आवश्यक थी। विदेशी मुद्रा भंडार में वृद्धि से भारतीय रूपए को डॉलर के सापेक्ष मज़बूती भी प्राप्त होती है। शुक्रवार को डॉलर के मुकाबले रुपये में 27 पैसे की उछाल दर्ज की गई। विदेशी मुद्रा भंडार वाह्य ऋण दायित्वों को पूरा करने में सरकार की सहायता कर सकता है। विदेशी मुद्रा भंडार में वृद्धि से सरकार और भारतीय रिजर्व बैंक को देश के आंतरिक और बाह्य वित्तीय मुद्दों का प्रबंधन करने में सहायता मिलेगी।
विदेशी मुद्रा भंडार में वृद्धि से वैश्विक निवेशकों का विश्वास बढ़ा है और वे भारत में निवेश के लिए प्रोत्साहित हो सकते हैं। विदेशी मुद्रा भंडार के ऊंचाई पर पहुंचने से भारत को कई लाभ होंगे। अर्थव्यवस्था में सुधार से विदेशी निवेश व निर्यात बढ़ेगा।
