- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- वाराणसी
- अजय राय को हिरासत में लेने पर सियासत गरम, पत्नी बोलीं- लोकेशन छिपा रही पुलिस
अजय राय को हिरासत में लेने पर सियासत गरम, पत्नी बोलीं- लोकेशन छिपा रही पुलिस
वाराणसी/अयोध्या। उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय को अयोध्या में हिरासत में लिए जाने के बाद प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। उनकी पत्नी रीना राय ने पुलिस और प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि अजय राय को हिरासत में लेने के बाद अज्ञात स्थान पर रखा गया है और परिवार को उनकी लोकेशन की जानकारी नहीं दी जा रही है।
रीना राय ने कहा, "मेरे पति को पुलिस अपने साथ ले गई है, लेकिन अब तक यह नहीं बताया गया कि उन्हें कहां रखा गया है। सहयोगियों को भी अलग-अलग जानकारियां देकर भ्रमित किया जा रहा है। यदि अजय राय को कुछ भी होता है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार की होगी।"
उन्होंने दावा किया कि अजय राय राम मंदिर में चढ़ावे के कथित गबन के मुद्दे को उठाने तथा कांग्रेस नेताओं के साथ पूजा-अर्चना करने के लिए अयोध्या पहुंचे थे। आरोप है कि अयोध्या के एक होटल से पुलिस उन्हें अपने साथ ले गई।
इससे पहले कांग्रेस ने भी आरोप लगाया था कि अजय राय को अयोध्या में नजरबंद किया गया है। पार्टी के अनुसार, अजय राय के नेतृत्व में मंगलवार को एक प्रतिनिधिमंडल राम मंदिर में दर्शन-पूजन करने और चढ़ावे के कथित गबन के मुद्दे पर अपनी बात रखने वाला था।
कांग्रेस के प्रस्तावित प्रतिनिधिमंडल में सांसद किशोरी लाल शर्मा, राकेश राठौर, उज्ज्वल रमन सिंह और तनुज पूनिया सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल होने वाले थे।
हालांकि, प्रशासन की ओर से इस मामले में आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। अजय राय की हिरासत और उनके ठिकाने को लेकर उठे सवालों के बीच प्रदेश में सियासी माहौल और गर्म होने के संकेत मिल रहे हैं।
