- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- फिरोजाबाद
- फिरोजाबाद में आंधी का कहर: ई-रिक्शा पर गिरा नीम का पेड़, पांच लोगों की दर्दनाक मौत
फिरोजाबाद में आंधी का कहर: ई-रिक्शा पर गिरा नीम का पेड़, पांच लोगों की दर्दनाक मौत
फिरोजाबाद। जिले में सोमवार देर शाम आई तेज आंधी और बारिश के दौरान एक दर्दनाक हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई। फरिहा थाना क्षेत्र के गांव पृथ्वी सिंह चिढ़रई में सड़क किनारे खड़ा एक विशाल नीम का पेड़ उखड़कर गुजर रहे ई-रिक्शा पर गिर पड़ा, जिससे उसमें सवार पांच लोगों की दबकर मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
स्थानीय ग्रामीण तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने ग्रामीणों तथा जेसीबी की मदद से पेड़ हटाकर घायलों को बाहर निकाला और अस्पताल भिजवाया। हालांकि चिकित्सकों ने पांच लोगों को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान फरिहा के बटोलर निवासी गजेंद्र (28), नगला फतेह निवासी हरेश पाल (59), ईखू निवासी विष्णु (20), नगला मंडा सकरौली निवासी अमन (17) तथा एटा जनपद के आनंदपुर-अवागढ़ निवासी गंगा सिंह (65) के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। वहीं, हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजन भी घटनास्थल और अस्पताल पहुंच गए। इस दर्दनाक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
