- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- प्रयागराज
- भाजपा की नजर देश पर नहीं, डोनेशन पर है : अखिलेश यादव
भाजपा की नजर देश पर नहीं, डोनेशन पर है : अखिलेश यादव
प्रयागराज। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि उसकी प्राथमिकता देश नहीं, बल्कि चंदा और चढ़ावा है। उन्होंने कहा कि भाजपा की "नजर नेशन पर नहीं, डोनेशन पर" है।
सपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि मामले में केवल छोटे स्तर के लोगों पर कार्रवाई की जा रही है, जबकि बड़े जिम्मेदार लोगों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पूरे प्रकरण की पारदर्शी जांच कराई जानी चाहिए, ताकि सच्चाई सामने आ सके।
भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि हाल में लखनऊ के एक कोचिंग सेंटर में लगी आग जैसी घटनाएं सुरक्षा मानकों की अनदेखी और भ्रष्टाचार का परिणाम हैं। उन्होंने गंगा सफाई अभियान को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा और कहा कि भारी खर्च के बावजूद अपेक्षित परिणाम नहीं मिल पाए हैं।
2027 के लिए सपा की प्राथमिकताएं गिनाईं
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी का फोकस शिक्षा, रोजगार और निवेश आधारित विकास मॉडल पर है। उन्होंने प्रयागराज में आयोजित पार्टी के ‘विजन इंडिया’ कार्यक्रम का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2027 में सपा की सरकार बनने पर शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार किए जाएंगे, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाए जाएंगे और निवेश को प्रोत्साहन दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी का उद्देश्य केवल सत्ता में आना नहीं, बल्कि प्रदेश में विकास, रोजगार और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देना है।
