- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- बलिया में दर्दनाक हादसा : हैंडपंप में उतरे करंट से मां-बेटी की मौत, फरवरी में होनी थी बेटी की शादी
बलिया में दर्दनाक हादसा : हैंडपंप में उतरे करंट से मां-बेटी की मौत, फरवरी में होनी थी बेटी की शादी
बलिया। सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के डूहा बिहरा गांव में सोमवार शाम एक दर्दनाक हादसे में करंट लगने से मां-बेटी की मौत हो गई। घर के पास लगे हैंडपंप से पानी भरते समय मां करंट की चपेट में आ गईं। उन्हें बचाने दौड़ी बेटी भी विद्युत प्रवाह की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गई। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, डूहा बिहरा गांव निवासी राकेश सिंह की पत्नी बीना सिंह (45) सोमवार की शाम घर के पास लगे हैंडपंप से पानी भर रही थीं। हैंडपंप में वाटर पंप भी लगा हुआ था। इसी दौरान किसी कारणवश हैंडपंप में करंट उतर आया और बीना सिंह उसकी चपेट में आ गईं।
मां को तड़पता देख उनकी 20 वर्षीय बेटी काजल उन्हें बचाने के लिए दौड़ी, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आ गई। घटना को देखकर छोटी बेटी सुमन ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह दोनों को करंट से अलग किया।
गंभीर अवस्था में मां-बेटी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदरपुर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इस हृदयविदारक घटना से गांव और आसपास के क्षेत्रों में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
