सोनी पल पर फिर गूंजेगा रामायण का शंखनाद, 6 जुलाई से रात 8 बजे होगा प्रसारण

मुंबई, 29 जून 2026। भारतीय टेलीविजन इतिहास की सबसे लोकप्रिय और कालजयी प्रस्तुतियों में शामिल रामानंद सागर की ‘रामायण’ एक बार फिर दर्शकों के बीच लौट रही है। देश के प्रमुख फ्री-टू-एयर मनोरंजन चैनलों में से एक सोनी पल पर यह ऐतिहासिक धारावाहिक 6 जुलाई से प्रतिदिन रात 8 बजे प्रसारित किया जाएगा।

साल 1987 में पहली बार प्रसारित हुई ‘रामायण’ केवल एक टीवी धारावाहिक नहीं, बल्कि करोड़ों भारतीयों की आस्था, संस्कृति और भावनाओं का अभिन्न हिस्सा बन गई थी। 78 एपिसोड की इस पौराणिक गाथा ने उस दौर में हर रविवार परिवारों को एक साथ बैठकर देखने की परंपरा दी और भारतीय टेलीविजन इतिहास में एक नया अध्याय लिखा।

यह भी पढ़े - ‘हस्तिनापुर के वीर’ के सेट पर फादर्स डे सेलिब्रेशन ने जीता दिल, युवा कलाकारों के सरप्राइज से भावुक हुए मनीष वाधवा

‘हनुमान’ और ‘यशोमती मैया’ जैसे धार्मिक कार्यक्रमों को दर्शकों से मिली शानदार प्रतिक्रिया के बाद अब सोनी पल अपनी आध्यात्मिक प्रस्तुतियों की श्रृंखला को और विस्तार देते हुए ‘रामायण’ लेकर आ रहा है। यह प्रस्तुति नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति, परंपराओं और जीवन मूल्यों से जोड़ने का माध्यम बनेगी।

भगवान श्रीराम की यह प्रेरणादायक कथा मर्यादा, करुणा, त्याग और साहस के आदर्शों को प्रस्तुत करती है। माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान के साथ उनकी जीवन यात्रा आज भी लोगों को कर्तव्य, समर्पण और संघर्ष के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है।

सोनी पल के प्रवक्ता ने कहा, “रामायण सिर्फ एक कहानी नहीं, बल्कि भारत की सामूहिक स्मृतियों और आस्था का हिस्सा है। यह ऐसी गाथा है, जो आज भी लोगों को जोड़ने और प्रेरित करने की शक्ति रखती है। इसके प्रसारण के माध्यम से सोनी पल अर्थपूर्ण और दिल को छू लेने वाले मनोरंजन की अपनी प्रतिबद्धता को और मजबूत कर रहा है।”

भारतीय संस्कृति की इस कालजयी गाथा का पुनः आनंद लेने के लिए देखिए ‘रामायण’, 6 जुलाई से प्रतिदिन रात 8 बजे, सिर्फ सोनी पल पर।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.