Sonbhadra News: सोनभद्र में एक करोड़ रुपये का अवैध गांजा बरामद, ट्रक चालक फरार

दुद्धी (सोनभद्र)। जनपद सोनभद्र के दुद्धी कोतवाली क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से करीब 10 कुंतल अवैध गांजा बरामद किया है, जिसकी कीमत लगभग एक करोड़ रुपये आंकी गई है। तस्करी के इस प्रयास में गांजे को चावल की बोरियों के नीचे छिपाकर ले जाया जा रहा था। वहीं, पुलिस के पहुंचने से पहले ही ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।

एसपी अशोक कुमार मिणा ने रविवार को इस मामले की जानकारी देते हुए बताया कि शनिवार रात दुद्धी थाना क्षेत्र के रजखड़ इलाके में पुलिस टीम द्वारा संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान दुद्धी-हाथीनाला मार्ग पर एक संदिग्ध ट्रक नजर आया। जब पुलिस टीम ट्रक के पास पहुंची, तो पाया कि चालक ट्रक छोड़कर फरार हो चुका था।

पुलिस ने मौके पर ट्रक की तलाशी ली तो उसमें रखी चावल की बोरियों के नीचे गांजा छिपा हुआ मिला। जब इन बोरियों को हटाकर जांच की गई, तो करीब 10 कुंतल गांजा बरामद किया गया। यह बरामदगी नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस की बड़ी सफलता मानी जा रही है।

बरामदगी के आधार पर थाना दुद्धी पर मु.अ.सं.-190/2025, धारा 8/20/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत ट्रक चालक, ट्रक मालिक तथा अन्य अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टीम द्वारा फरार चालक की तलाश के साथ-साथ मामले की गहन जांच की जा रही है।

पुलिस की सतर्कता से बड़ी तस्करी की साजिश नाकाम

इस कार्रवाई से यह स्पष्ट है कि नशीले पदार्थों की तस्करी के लिए तस्कर लगातार नए-नए हथकंडे अपना रहे हैं, लेकिन पुलिस की सतर्कता और मुस्तैदी से एक बार फिर बड़ी खेप को पकड़ने में सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक ने टीम को सराहना दी है और आगे भी ऐसे अभियान जारी रखने के निर्देश दिए हैं।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.