- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- सोनभद्र
- आदिवासियों के उत्थान के लिए हमेशा याद किए जाएंगे भगवान बिरसा मुंडा: CM योगी
आदिवासियों के उत्थान के लिए हमेशा याद किए जाएंगे भगवान बिरसा मुंडा: CM योगी
सोनभद्र। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को कहा कि धरती आबा, भगवान बिरसा मुंडा, स्वतंत्रता संग्राम और आदिवासी समाज के उत्थान में उनके योगदान के कारण सदैव स्मरण किए जाएंगे। वे चोपन के रेलवे खेल मैदान में भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर आयोजित गौरव दिवस समारोह में संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिरसा मुंडा के संघर्ष का ही परिणाम है कि आज जनजातीय समाज तेजी से विकास की ओर अग्रसर है और देश के विकास में अहम भूमिका निभा रहा है। उन्होंने बताया कि 125 वर्ष पहले संसाधनों की कमी के बावजूद जनजातीय समुदाय स्वतंत्रता आंदोलन में सक्रिय था।
योगी ने कहा कि जनजातियों को सम्मान और अधिकार दिलाने का काम एनडीए और भाजपा की डबल इंजन सरकार ने किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर पूरे देश में जनजातीय गौरव दिवस और 15 दिवसीय जनजातीय गौरव पखवाड़ा आयोजित किया जा रहा है।
सीएम ने जनजातीय समाज की सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक वाद्य यंत्रों की प्रशंसा करते हुए कहा कि जैसे बलरामपुर में जनजातीय संग्रहालय बनाया गया है, ठीक उसी प्रकार विंध्याचल मंडल में भी एक नया संग्रहालय स्थापित किया जाएगा। उन्होंने सोनभद्र के सलखन जीवाश्म पार्क, शिवद्वार मंदिर और अन्य पर्यटन स्थलों का भी उल्लेख किया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश की कुल 15 जनजातियों में से 14 केवल सोनभद्र में निवास करती हैं और यह देश का एकमात्र जिला है जहां एक ही जनपद में चार लाख से अधिक जनजातीय जनसंख्या रहती है।
उन्होंने कहा कि पीएम जनमन योजना के तहत प्रदेश के 517 जनजाति-बहुल गांवों में धरती आबा ग्राम उत्कर्ष योजना शुरू की गई है, जिसके अंतर्गत बुनियादी सुविधाएं और सभी सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है।
योगी ने बताया कि पिछली सरकारों ने जनजातीय समाज की उपेक्षा की, जबकि उनकी सरकार अब तक वनाधिकार कानून के अंतर्गत 23,000 से अधिक भूमि पट्टे वितरित कर चुकी है, और आज भी 1,000 से अधिक पट्टे बांटे जा रहे हैं। अभ्युदय कोचिंग के माध्यम से जनजातीय समुदाय के कई बच्चे MBBS और IIT जैसी परीक्षाओं में चयनित हुए हैं।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 548 करोड़ रुपये की 432 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया तथा स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों को सम्मानित किया। साथ ही कई जनजातीय परिवारों को भूमि के पट्टे और आवास भी वितरित किए।
