UP News : मां पाटेश्वरी के दरबार में सीएम योगी ने टेका माथा, प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना

लखनऊ/बलरामपुर : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार सुबह बलरामपुर जिले के तुलसीपुर स्थित प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां पाटेश्वरी देवी मंदिर में दर्शन-पूजन किया। गोरक्षपीठाधीश्वर ने मां पाटेश्वरी की आरती उतारकर प्रदेशवासियों के सुख, स्वास्थ्य और समृद्धि की कामना की।

मुख्यमंत्री दो दिवसीय दौरे पर बुधवार को बलरामपुर पहुंचे थे और मंदिर परिसर में ही रात्रि विश्राम किया। गुरुवार सुबह उन्होंने मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की और आगामी चैत्र नवरात्रि को देखते हुए मंदिर की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मंदिर में आए श्रद्धालुओं का अभिवादन भी किया।

यह भी पढ़े - International Women’s Day : मुश्किल हालात भी नहीं रोक पाए बेटियों के कदम, संघर्ष से लिखीं सफलता की कहानियां

पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री मंदिर परिसर स्थित गोशाला पहुंचे, जहां उन्होंने गोमाता को गुड़ और चारा खिलाया तथा गोशाला की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। साथ ही अधिकारियों से नवरात्रि मेले की तैयारियों की जानकारी भी ली।

इस अवसर पर मंदिर के महंत मिथिलेश नाथ योगी तथा कालीबाड़ी मंदिर के महंत रविंद्र दास भी मौजूद रहे।

वहीं मुख्यमंत्री से गुरुवार सुबह कई जनप्रतिनिधियों ने मुलाकात की। इनमें विधायक पलटूराम, कैलाश नाथ शुक्ल, जिला पंचायत अध्यक्ष आरती तिवारी, भाजपा जिलाध्यक्ष रवि मिश्र और नगर पालिका चेयरमैन धीरेन्द्र प्रताप सिंह शामिल रहे।

मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों से जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं के समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने तथा सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.