Ballia News : ‘नो आयुष्मान-नो अनाज’ व्यवस्था लागू, कार्ड बनाने में तेजी के निर्देश

बलिया : जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने बुधवार को गंगा बहुउद्देशीय सभागार में आयुष्मान कार्ड निर्माण की प्रगति की समीक्षा के लिए सभी सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएचओ) के साथ बैठक की। बैठक में उन्होंने आयुष्मान कार्ड बनाने की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए और स्पष्ट किया कि जिले में “नो आयुष्मान-नो अनाज” व्यवस्था लागू कर दी गई है।

जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में कुल 16 लाख आयुष्मान कार्ड बनाने का लक्ष्य निर्धारित है। अब तक 9 लाख 84 हजार कार्ड बनाए जा चुके हैं, जबकि 7 लाख 11 हजार 584 कार्ड अभी बनना बाकी हैं। पात्र गृहस्थी, अंत्योदय कार्डधारकों और 70 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लोगों को मिलाकर 3 लाख 10 हजार आयुष्मान कार्ड बनाए जाने हैं।

यह भी पढ़े - International Women’s Day : लखनऊ में ‘पिंक रोजगार महाकुंभ’, हजारों महिलाओं को मिलेगा नौकरी का मौका

उन्होंने बताया कि यह अभियान 15 जनवरी 2026 से चलाया जा रहा है और 31 मार्च तक लक्ष्य पूरा करना अनिवार्य है। शासन स्तर से सभी सीएचओ को लाभार्थियों की सूची उपलब्ध करा दी गई है। जिन सीएचओ की ऑपरेटर आईडी बन चुकी है, उन्हें प्रतिदिन कम से कम 10 आयुष्मान कार्ड बनाने के निर्देश दिए गए हैं।

डीएम ने निर्देश दिया कि सभी सीएचओ गांव-गांव जाकर कोटेदारों के सहयोग से पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनवाएं और तैयार तथा शेष कार्डों की सूची जिला पूर्ति अधिकारी को उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि इस अभियान में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि कार्य में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी, सभी सीएचओ और स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.