डेफ क्रिकेट चैंपियनशिप : दूसरे दिन नॉर्थ जोन और वेस्ट जोन की शानदार जीत

इंदौर : इंडियन डेफ क्रिकेट एसोसिएशन (आईडीसीए) की 7वीं वनडे नेशनल जोनल डेफ क्रिकेट चैंपियनशिप 2026 के दूसरे दिन रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। द एमराल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल में खेले जा रहे इस टूर्नामेंट में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दर्शकों को रोमांचित कर दिया। बीसीसीआई के सहयोग से आयोजित इस प्रतियोगिता में कैंपस के चार मैदानों पर दिनभर मुकाबले खेले गए।

दूसरे दिन के मैचों में नॉर्थ जोन और वेस्ट जोन की टीमों ने दमदार प्रदर्शन करते हुए शानदार जीत दर्ज की और टूर्नामेंट में अपनी दावेदारी मजबूत कर ली।

यह भी पढ़े - LPG Price Hike : रसोई गैस सिलेंडर हुआ महंगा, 60 रुपये की बढ़ोतरी; जानें दिल्ली-मुंबई समेत बड़े शहरों के नए रेट

IMG-20260312-WA0019IMG-20260312-WA0019

पहले मुकाबले में टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी ईस्ट जोन की टीम नॉर्थ जोन की सधी हुई गेंदबाजी के सामने टिक नहीं सकी और 36.4 ओवर में 128 रन पर ऑल आउट हो गई। जवाब में नॉर्थ जोन ने तेज शुरुआत करते हुए 17.3 ओवर में चार विकेट खोकर 129 रन बना लिए और मुकाबला छह विकेट से जीत लिया। इस मैच में हिलाल वानी ने बेहतरीन ऑलराउंड प्रदर्शन किया। उन्होंने गेंदबाजी में सात ओवर में 17 रन देकर दो विकेट लिए और बल्लेबाजी में 34 गेंदों पर नाबाद 54 रन बनाए, जिसमें पांच चौके और तीन छक्के शामिल रहे। इस प्रदर्शन के लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।

IMG-20260312-WA0021

दूसरे मुकाबले में सेंट्रल जोन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 31.3 ओवर में 141 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्ट जोन की टीम ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 16 ओवर में एक विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और नौ विकेट से जीत दर्ज की। इस मैच में विराज कोलते ने शानदार खेल दिखाते हुए गेंदबाजी में 35 रन देकर चार विकेट लिए और बल्लेबाजी में 47 गेंदों पर नाबाद 75 रन की पारी खेली, जिसमें दस चौके और तीन छक्के शामिल थे। उन्हें भी ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।

IMG-20260312-WA0020

डेफ इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल और एशियन डेफ क्रिकेट एसोसिएशन से मान्यता प्राप्त यह चैंपियनशिप अब और भी रोमांचक होती जा रही है। आगामी मुकाबलों में टीमें जीत की लय बरकरार रखने और खिताब की दौड़ में आगे बढ़ने के इरादे से मैदान में उतरेंगी।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.