सीतापुर में वज्रपात से लगी आग में मां-बेटी की मौत, बालिका गंभीर झुलसी

सीतापुर। उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के सदरपुर थाना क्षेत्र स्थित चकालापुर गांव में शनिवार रात आकाशीय बिजली गिरने से लगी आग में दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि एक सात वर्षीय बालिका गंभीर रूप से झुलस गई। पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब नौ बजे गांव में वज्रपात के बाद कई घरों में आग लग गई। आग तेजी से फैलने लगी, जिससे अफरा-तफरी मच गई। हादसे में फूलमती (45), पत्नी शत्रुघ्न, और उनकी 60 वर्षीय मां की मौके पर ही जलकर मौत हो गई।

यह भी पढ़े - बलिया : पिकअप-टेंपो की भिड़ंत में तीन घायल, एक जिला अस्पताल रेफर

वहीं परिवार की सात वर्षीय बालिका माही गंभीर रूप से झुलस गई, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

ग्रामीणों के अनुसार, कुछ घरों में रखे पेट्रोल-डीजल के कथित अवैध भंडारण के कारण आग ने और विकराल रूप ले लिया, जिससे धमाके जैसी आवाजें भी सुनाई दीं। हालांकि प्रशासन ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

घटना की सूचना पर क्षेत्रीय विधायक आशा मौर्य भी मौके पर पहुंचीं और राहत कार्य का जायजा लिया। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को बचाव कार्य तेज करने और घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए।

फिलहाल पुलिस बल और दमकल विभाग की टीमें मलबे में फंसे लोगों की तलाश कर रही हैं तथा आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.