बलिया में ‘स्कूल चलो अभियान’ कार्यक्रम में पहुंचे मंत्री दयाशंकर सिंह, बच्चों संग बैठकर चखा मिड-डे मील

बलिया। जनपद के कंपोजिट विद्यालय बसंतपुर में ‘स्कूल चलो अभियान’ के तहत आयोजित कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह शामिल हुए। उन्होंने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने मंत्री का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया।

कार्यक्रम में विद्यालय के बच्चों को किताबें, यूनिफॉर्म और अन्य शैक्षणिक सामग्री वितरित की गई। मंत्री ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में वर्ष 2017 के बाद प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार हुआ है।

यह भी पढ़े - बलिया में दुकान पर हमला और तोड़फोड़ मामले में एक आरोपी गिरफ्तार

उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि 6 से 14 वर्ष तक का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। इसी उद्देश्य से 1 अप्रैल से 15 अप्रैल तक ‘स्कूल चलो अभियान’ चलाया जा रहा है, जिसके तहत शिक्षक, जनप्रतिनिधि और समाजसेवी घर-घर जाकर बच्चों को विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।

मंत्री ने कहा कि सरकार की ओर से बच्चों को मुफ्त किताबें, ड्रेस, जूते-मोजे और मिड-डे मील उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे गरीब परिवारों के बच्चों की पढ़ाई सुनिश्चित हो रही है।

अपने संबोधन में उन्होंने बलिया में चल रही विभिन्न विकास परियोजनाओं की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मेडिकल कॉलेज निर्माण के लिए 477 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रक्रिया में है। इसके अलावा नए जेल परिसर, बाईपास, सड़कों के चौड़ीकरण, रोडवेज बस अड्डा और स्पोर्ट्स स्टेडियम के निर्माण के लिए भी बजट स्वीकृत हुआ है।

मंत्री ने कहा कि शहर में जाम की समस्या दूर करने के लिए बाईपास निर्माण तेजी से कराया जा रहा है, जबकि स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए अस्पतालों और क्रिटिकल केयर यूनिट के विकास पर भी काम हो रहा है।

कार्यक्रम की खास बात यह रही कि मंत्री दयाशंकर सिंह ने विद्यालय में बच्चों को परोसे जा रहे मिड-डे मील का स्वाद चखा और बच्चों के साथ बैठकर भोजन किया। इससे उन्होंने भोजन की गुणवत्ता का भी जायजा लिया।

इस दौरान उन्होंने ‘स्कूल चलो अभियान’ के प्रचार-प्रसार के लिए निकाले गए जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जो गांव-गांव जाकर लोगों को शिक्षा के प्रति जागरूक करेगा।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री का संदेश भी पढ़कर सुनाया गया, जिसमें बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने, खेलकूद में भाग लेने और अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित किया गया।

इस मौके पर जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह, सीडीओ ओजस्वी राज, जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा, बीएसए मनीष कुमार सिंह, जनप्रतिनिधि, शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.