दिल्ली पुलिस और यूपी एटीएस की संयुक्त कार्रवाई, कुशीनगर से ISIS संदिग्ध रिजवान गिरफ्तार

दिल्ली/कुशीनगर। दिल्ली पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस टीम और उत्तर प्रदेश एटीएस की संयुक्त कार्रवाई में कुशीनगर जिले के पडरौना क्षेत्र से रिजवान नाम के एक संदिग्ध ISIS ऑपरेटिव को गिरफ्तार किया गया है। एजेंसियां उसकी गतिविधियों पर लंबे समय से नजर रखे हुए थीं। गिरफ्तारी के दौरान उसके पास से इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और कुछ संदिग्ध दस्तावेज बरामद किए गए हैं, जिनकी जांच की जा रही है।

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि रिजवान पहले भी मुंबई में वर्ष 2016 में आतंकी गतिविधियों से जुड़े मामले में गिरफ्तार हो चुका था और 2023 तक जेल में रहा। जांच एजेंसियों के अनुसार, जेल से बाहर आने के बाद उसने अपने गृह जनपद में फूड कियोस्क शुरू किया था, लेकिन इसी दौरान उसने कथित तौर पर फिर से ऑनलाइन और एन्क्रिप्टेड प्लेटफॉर्म के जरिए कट्टरपंथी नेटवर्क से संपर्क स्थापित कर लिया।

यह भी पढ़े - भारतीय सेना को मिली 2,000 स्वदेशी ‘प्रहार’ एलएमजी, 1 किमी तक मारक क्षमता

सूत्रों के मुताबिक, रिजवान पर युवाओं को कट्टरपंथ की ओर प्रेरित करने और स्थानीय स्तर पर नेटवर्क विस्तार की कोशिश का भी संदेह है। एजेंसियां इस बात की जांच कर रही हैं कि क्या वह भर्ती, लॉजिस्टिक सपोर्ट या मॉड्यूल विस्तार में सक्रिय भूमिका निभा रहा था।

एक अन्य मामले में हाल ही में यूपी एटीएस ने चार आरोपियों को भी गिरफ्तार किया था, जिन पर पाकिस्तानी हैंडलर्स के निर्देश पर देश में दहशत फैलाने की साजिश रचने का आरोप है। अधिकारियों के अनुसार, यह गिरोह सोशल मीडिया के जरिए संपर्क में आया था और प्रतिष्ठित संस्थानों, वाहनों तथा रेलवे सिग्नल बॉक्स को निशाना बनाने की योजना बना रहा था।

एटीएस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में मेरठ और गौतमबुद्ध नगर के युवक शामिल हैं। इनके पास से कई स्मार्टफोन बरामद किए गए हैं, जिनमें अहम डिजिटल साक्ष्य मिलने की संभावना है। जांच एजेंसियां पूरे नेटवर्क और विदेशी कनेक्शन की पड़ताल में जुटी हैं।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.