गढ़चिरौली में युवक ने युवती व दो साथियों पर ब्लैकमेल और हत्या के प्रयास का लगाया आरोप, मामला दर्ज

गढ़चिरौली। महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले के आरमोरी क्षेत्र में एक युवक की शिकायत पर युवती और उसके दो साथियों के खिलाफ कथित ब्लैकमेल, उगाही और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच में जुटी है।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, आरमोरी निवासी कृष्णा मारुति लाड (26), जो होटल व्यवसाय से जुड़ा है, की करीब डेढ़ वर्ष पहले श्रेया हेमके (23) नामक युवती से पहचान हुई थी। बाद में दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए। युवक का आरोप है कि कुछ समय बाद संबंधों में तनाव बढ़ने पर युवती ने अपने दो साथियों नितीन जोध और राजू अंबानी के साथ मिलकर उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया।

यह भी पढ़े - लेफ्टिनेंट जनरल पुष्पेंद्र पाल सिंह ने पश्चिमी कमान की कमान संभाली

शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने निजी व्हाट्सऐप चैट सार्वजनिक करने और परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी देकर उससे समय-समय पर करीब 3 से 4 लाख रुपये वसूले। इसके बाद उससे 15 लाख रुपये की अतिरिक्त मांग की गई।

पीड़ित ने आरोप लगाया कि 14 मार्च की रात आरमोरी-ब्रह्मपुरी मार्ग पर आरोपियों ने उसे रोककर मारपीट की और जबरन कीटनाशक पिलाकर हत्या का प्रयास किया। गंभीर हालत में युवक ने अपने भाई को फोन किया, जिसके बाद उसे पहले सरकारी अस्पताल और बाद में नागपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

परिजनों का आरोप है कि शिकायत के बावजूद पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज नहीं किया। लगातार कई दिनों तक थाने के चक्कर लगाने के बाद अंततः पुलिस ने मामला दर्ज किया।

आरमोरी पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों की भूमिका, कथित साजिश और अन्य पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.