- Hindi News
- भारत
- वेदांता लिमिटेड का FY26 में रिकॉर्ड प्रदर्शन, चौथी तिमाही में लाभ 89% बढ़ा
वेदांता लिमिटेड का FY26 में रिकॉर्ड प्रदर्शन, चौथी तिमाही में लाभ 89% बढ़ा
रायपुर। वेदांता लिमिटेड ने वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही और पूरे वर्ष के लिए अब तक का सबसे मजबूत वित्तीय प्रदर्शन दर्ज किया है। कंपनी ने शनिवार को अपने अनऑडिटेड समेकित परिणाम जारी किए।
वेदांता ने बताया कि Q4 में उसका राजस्व 29 प्रतिशत बढ़कर 51,524 करोड़ रुपये रहा, जबकि पूरे वर्ष का राजस्व 15 प्रतिशत बढ़कर 1,74,075 करोड़ रुपये हो गया, जो अब तक का उच्चतम स्तर है।
कंपनी का EBITDA Q4 में 59 प्रतिशत बढ़कर 18,447 करोड़ रुपये रहा और मार्जिन 44 प्रतिशत दर्ज किया गया। पूरे वित्त वर्ष में EBITDA 29 प्रतिशत बढ़कर 55,976 करोड़ रुपये रहा।
कंपनी की बैलेंस शीट में भी सुधार हुआ है और नेट डेब्ट टू EBITDA अनुपात घटकर 0.95 गुना रह गया, जो पिछले वर्ष 1.22 गुना था।
कंपनी ने बताया कि Q4 में प्री-कैपेक्स फ्री कैश फ्लो 11,930 करोड़ रुपये रहा, जबकि पूरे वर्ष में यह 26,013 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। नकद और नकद समकक्ष 38 प्रतिशत बढ़कर 28,485 करोड़ रुपये हो गए।
परिचालन स्तर पर कंपनी ने एल्युमिनियम, जिंक, कॉपर और पावर व्यवसाय में रिकॉर्ड उत्पादन दर्ज किया। एल्युमिनियम उत्पादन 2,456 किलोटन और एल्युमिना उत्पादन 2,916 किलोटन के उच्च स्तर पर पहुंचा।
कंपनी के कार्यकारी निदेशक अरुण मिश्रा ने कहा कि वित्त वर्ष 2026 कंपनी के लिए मजबूत निष्पादन का वर्ष रहा, जिसमें विभिन्न व्यवसायों में रिकॉर्ड उत्पादन और दक्षता हासिल की गई।
मुख्य वित्त अधिकारी अजय गोयल ने कहा कि कंपनी ने राजस्व, EBITDA और लाभ के मामले में रिकॉर्ड स्तर हासिल किए हैं और आगामी समय में डिमर्जर के साथ विकास के नए चरण की ओर बढ़ रही है।
कंपनी ने बताया कि उसका डिमर्जर एक मई 2026 से प्रभावी होगा, जो दीर्घकालिक मूल्य सृजन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
