Sambhal News : ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे दबकर छात्रा की मौत, परिवार में मचा कोहराम

संभल। असमोली थाना क्षेत्र के गांव धकतौड़ा में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में आठ वर्षीय छात्रा की मौत हो गई। पिता द्वारा ट्रैक्टर-ट्रॉली से ईंटें उतारते समय बच्ची अचानक ट्रॉली की चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया।

जानकारी के अनुसार गांव धकतौड़ा निवासी दिनेश पाल अपने खेत में नया मकान बनवा रहे हैं। बुधवार सुबह वह ईंट भट्ठे से ट्रैक्टर-ट्रॉली में ईंटें भरकर निर्माण स्थल पर पहुंचे। सुबह करीब 11 बजे ईंटें उतारने के लिए ट्रॉली उठाई जा रही थी, तभी उनकी आठ वर्षीय बेटी आस्था अचानक ट्रॉली के पास पहुंच गई और उसके नीचे दब गई।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों और महिलाओं ने तत्काल ट्रॉली हटाकर बच्ची को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

मृतक आस्था तीन भाई-बहनों में दूसरे नंबर की थी और मनोटा स्थित एक निजी विद्यालय में कक्षा दो की छात्रा थी। बेटी की मौत के बाद मां मीनू देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। हालांकि परिजनों ने किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई से इनकार कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के समय आस्था का छोटा भाई लगातार चिल्लाकर पिता को सावधान करने की कोशिश करता रहा, लेकिन ट्रैक्टर और निर्माण कार्य के शोर में उसकी आवाज सुनाई नहीं दी। ग्रामीणों का कहना है कि परिवार को इस बात का बिल्कुल अंदेशा नहीं था कि बच्ची ट्रॉली के पास पहुंच गई है, जिसके चलते यह दर्दनाक हादसा हो गया।

स्कॉर्पियो की टक्कर से दंपती घायल

वहीं, चंदौसी-कुढ़फतेहगढ़ मार्ग पर गांव अल्हेदादपुर चम्मू के पास एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। हादसे में ई-रिक्शा सवार दंपती गंभीर रूप से घायल हो गए।

बताया गया कि रहोली गांव निवासी ई-रिक्शा चालक चंद्रभान अपने परिवार के साथ एक अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे थे। रास्ते में सामने से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनके वाहन को टक्कर मार दी। हादसे में चंद्रभान के माता-पिता हरिलाल और अतरकली घायल हो गए। दुर्घटना के बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.