- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बरेली
- Bareilly News : बरेली पहुंची गर्भवती युवती, प्रेमी पर शादी का झांसा देकर धोखा देने का आरोप
Bareilly News : बरेली पहुंची गर्भवती युवती, प्रेमी पर शादी का झांसा देकर धोखा देने का आरोप
बरेली। शादी के वादे पर भरोसा कर गाजियाबाद से बरेली पहुंची एक आठ माह की गर्भवती युवती को उस समय बड़ा झटका लगा, जब उसका प्रेमी तय स्थान पर नहीं पहुंचा। घंटों इंतजार के बाद युवती कलेक्ट्रेट गेट पर रोने लगी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और उसे अपने संरक्षण में लेकर मामले की जानकारी जुटाई।
युवती ने आरोप लगाया कि युवक ने उसकी वीडियो बनाकर ब्लैकमेल किया और उससे रुपये भी लिए। जब उसने शादी के लिए दबाव बनाया तो युवक पीछे हट गया। विरोध करने पर उसे धमकियां भी दी गईं।
पीड़िता के अनुसार युवक ने उसे बरेली बुलाकर शादी करने का आश्वासन दिया था। इसी उम्मीद में वह गाजियाबाद से बरेली पहुंची, लेकिन प्रेमी वहां नहीं आया। काफी देर तक इंतजार करने के बाद युवती भावुक होकर रोने लगी।
मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने युवती से पूछताछ की और उसे सुरक्षित अपने साथ ले गई। पुलिस के अनुसार मामले की जांच की जा रही है। युवती की ओर से पहले ही भोजीपुरा थाने में आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जा चुका है। आगे की कार्रवाई के लिए उसे भोजीपुरा थाना क्षेत्र भेज दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
