Lucknow News : गोमती नदी में नहाने के दौरान युवक की डूबकर मौत, तीन घंटे बाद मिला शव

लखनऊ। माल थाना क्षेत्र के काकराबाद स्थित गोमती नदी पुल के पास बुधवार को नहाने के दौरान एक युवक की डूबने से मौत हो गई। वहीं, बकरी चरा रहे एक ग्रामीण की सूझबूझ और साहस से तीन अन्य युवकों की जान बच गई। सूचना मिलने पर पुलिस, गोताखोरों और एसडीआरएफ टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद युवक का शव नदी से बाहर निकाला गया।

जानकारी के अनुसार महपतमऊ, दुबग्गा निवासी आठ युवक गोमती नदी किनारे पार्टी मनाने आए थे। पार्टी के बाद रोहित (18), मोनू (28), शिवा (22) और बबलू (30) नदी में नहाने उतर गए। इसी दौरान चारों गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।

यह भी पढ़े - Lucknow News : लखनऊ में किसान का शव आम के पेड़ से लटका मिला, परिजनों ने हत्या की जताई आशंका

घटना को देख पास में बकरी चरा रहे काकराबाद निवासी शियाराम ने तुरंत साहस का परिचय देते हुए अंगौछे और बांस की मदद से मोनू, शिवा और बबलू को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि रोहित तेज बहाव और गहरे पानी में समा गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, गोताखोर और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से नदी में तलाश अभियान चलाया गया। लगभग तीन घंटे बाद रोहित का शव बरामद कर लिया गया।

पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताया गया है कि मृतक रोहित शटरिंग मजदूर का काम करता था। उसके परिवार में पिता महेश, माता मुन्नी देवी, भाई मिलन, पिंटू और विशाल के अलावा दो विवाहित बहनें पिंकी और रिंकू हैं।

घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.