बलिया में संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत, पति ने लगाया हत्या का आरोप

बलिया। सुखपुरा थाना क्षेत्र के बहेरी गांव की एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। महिला का शव जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में छोड़कर कुछ लोग फरार हो गए। घटना के बाद मृतका के पति ने इसे सुनियोजित हत्या बताते हुए नामजद आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

मृतका के पति परमेश्वर गहलौत के अनुसार उनकी पत्नी संगीता देवी करीब एक वर्ष पहले उनके रिश्ते के मामा के बेटे नीरज पासवान के साथ घर छोड़कर चली गई थी। परिवार में पांच बच्चे हैं, जिनमें तीन दिव्यांग बताए जा रहे हैं। परमेश्वर का आरोप है कि पत्नी को वापस लाने के लिए उसने कई बार प्रयास किए, लेकिन उसे केवल धमकियां मिलीं।

यह भी पढ़े - पुलिस वाहन पर रील बनाना युवक को पड़ा महंगा, गिरफ्तार

परमेश्वर ने बताया कि 7 जून की सुबह उन्हें सूचना मिली कि संगीता की तबीयत खराब है। आरोप है कि इसके बाद संबंधित लोग संगीता को ई-रिक्शा से पहले बहेरी चट्टी और फिर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इमरजेंसी वार्ड में छोड़कर फरार हो गए।

जब पति और अन्य ग्रामीण अस्पताल पहुंचे, तब तक संगीता की मौत हो चुकी थी। मृतका के पति का आरोप है कि संगीता को दिल्ली में बंधक बनाकर रखा गया था और उसके साथ लगातार प्रताड़ना की जाती थी। उनका कहना है कि यह सामान्य मौत नहीं, बल्कि एक सोची-समझी हत्या है।

पीड़ित ने पुलिस को दी गई तहरीर में तीन लोगों को नामजद करते हुए हत्या का आरोप लगाया है। साथ ही आरोप लगाया है कि आरोपी अब शव का अंतिम संस्कार करने के लिए दबाव बना रहे हैं और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्थानीय जनप्रतिनिधि जिला अस्पताल पहुंचे।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। 

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.