सहारनपुर में सनसनीखेज वारदात: यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा देकर लौट रहे युवक की गोली मारकर हत्या, पत्नी ने मायके पक्ष पर लगाया आरोप

सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां पत्नी को पुलिस भर्ती परीक्षा दिलाकर लौट रहे एक युवक की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई, जबकि मृतक की पत्नी ने अपने ही मायके पक्ष के लोगों पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है।

मृतक की पहचान शामली जिले के बाबरी थाना क्षेत्र निवासी 24 वर्षीय शिव कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

यह भी पढ़े - प्रेम विवाह से नाराज साले ने जीजा की गोली मारकर की हत्या, पुलिस भर्ती परीक्षा दिलाने आया था युवक

परीक्षा केंद्र से लौटते समय हुआ हमला

जानकारी के अनुसार, शिव कुमार अपनी पत्नी आकांक्षा को उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा दिलाने के लिए रामपुर मनिहारान स्थित गोचर इंटर कॉलेज लेकर आया था। परीक्षा समाप्त होने के बाद दोनों स्कॉर्पियो वाहन से घर लौट रहे थे।

आरोप है कि परीक्षा केंद्र से कुछ दूरी पर हाईवे के निकट घात लगाए बैठे हमलावरों ने वाहन को रोककर शिव कुमार के सिर में बेहद करीब से गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल शिव कुमार को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

चार महीने पहले हुई थी प्रेम विवाह

बताया जा रहा है कि शिव कुमार और आकांक्षा ने करीब चार महीने पहले प्रेम विवाह किया था। विवाह के बाद से दोनों परिवारों के बीच विवाद की स्थिति बनी हुई थी।

मृतक की पत्नी आकांक्षा का आरोप है कि उसके परिवार के लोग इस विवाह से नाराज थे और लगातार दोनों को धमकियां दे रहे थे। उसने दावा किया कि परीक्षा केंद्र पर उसके मायके पक्ष के कई लोग मौजूद थे और लौटते समय सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया गया।

पत्नी ने भाई समेत कई परिजनों पर लगाया आरोप

आकांक्षा ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया कि उसके भाई ने शिव कुमार को गोली मारी, जबकि वारदात के दौरान उसकी मां, बहन, जीजा, मामा और अन्य रिश्तेदार भी मौके पर मौजूद थे। उसने सभी आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।

वहीं मृतक के भाई शिवम कुमार ने भी आकांक्षा के परिजनों को हत्या का जिम्मेदार ठहराते हुए पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है।

जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

एसपी सिटी व्योम बिंदल ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.