Prayagraj News: यूपीएससी टॉपर शक्ति दुबे की सफलता पर पहली बार बोले उनके माता-पिता, घर में जश्न का माहौल

प्रयागराज। यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2024 में ऑल इंडिया रैंक 1 हासिल करने वाली शक्ति दुबे की कामयाबी ने पूरे देश को गर्व से भर दिया है। जैसे ही परिणाम जारी हुआ, प्रयागराज स्थित उनके घर में खुशी की लहर दौड़ गई। परिजन एक-दूसरे को मिठाई खिलाते नजर आए और चारों ओर जश्न का माहौल बन गया।

पिता देवेंद्र दुबे बोले - "बेटी की मेहनत रंग लाई"

शक्ति के पिता देवेंद्र दुबे, जो प्रयागराज में ट्रैफिक पुलिस विभाग में पेशकार हैं, ने मीडिया से बातचीत में अपनी भावनाएं साझा कीं। उन्होंने कहा, "बहुत अच्छा महसूस हो रहा है। बेटी ने जो मेहनत की, उसका फल ईश्वर ने उसे दिया है। हमें भरोसा था कि वह जरूर सफल होगी। वह शुरू से ही पढ़ाई में बहुत लगनशील रही है। पिछले साल इंटरव्यू तक पहुंची थी, लेकिन चयन नहीं हो पाया था। इस बार उसने कमाल कर दिया।"

उन्होंने बताया कि फिलहाल शक्ति घर से बाहर हैं और बुधवार को वापस लौटेंगी। परिवार को अब उनके स्वागत की तैयारी करनी है।

मां प्रेमा दुबे ने कहा – “सब महादेव की कृपा है”

शक्ति की मां प्रेमा दुबे ने बेटी की सफलता को भावुक स्वर में महादेव की कृपा बताया। उन्होंने कहा, "बहुत खुशी हो रही है। लोग बधाइयां दे रहे हैं। हमें विश्वास था कि वह जरूर टॉप करेगी। वह हर क्लास में अव्वल रही है। हमारे तीनों बच्चे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में लगे हैं।" उन्होंने कहा कि शक्ति शुरू से ही मेहनती और अनुशासित रही हैं।

शक्ति दुबे: प्रयागराज की प्रतिभा, देश की शान

शक्ति मूल रूप से प्रयागराज की निवासी हैं। उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा और स्नातक इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पूरी की, जबकि बायोकेमिस्ट्री में पोस्ट ग्रेजुएशन बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) से किया है। 2018 से वे यूपीएससी की तैयारी में जुटी थीं। एक मॉक इंटरव्यू के दौरान उन्होंने यह जानकारी दी थी।

शक्ति की इस ऐतिहासिक सफलता से न केवल उनका परिवार, बल्कि पूरा प्रयागराज और उत्तर प्रदेश गौरवान्वित है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.