Ghazipur News : गंगा में किशोरी का शव मिलने के मामले में परिवार को 5 लाख की सहायता, सरकार ने सौंपा चेक

लखनऊ/गाजीपुर : गाजीपुर जिले के एक गांव में गंगा नदी में 15 वर्षीय किशोरी का शव मिलने के मामले में उत्तर प्रदेश सरकार ने पीड़ित परिवार को पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की है। सरकार की ओर से परिवार को आर्थिक मदद के साथ आवास और भूमि पट्टे की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।

राज्य सरकार की ओर से शनिवार रात जारी बयान के अनुसार, पंचायती राज एवं अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री ओम प्रकाश राजभर, राज्यसभा सदस्य डॉ. संगीता बलवंत और भाजपा विधान परिषद सदस्य हंसराज विश्वकर्मा पीड़ित किशोरी के घर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की।

बताया गया कि अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) समुदाय से संबंध रखने वाली 15 वर्षीय किशोरी का शव 15 अप्रैल को गंगा नदी से बरामद हुआ था। परिजनों ने इस मामले में यौन उत्पीड़न और हत्या का आरोप लगाया है।

मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने घटना को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि राज्य सरकार इस कठिन समय में परिवार के साथ खड़ी है और हर संभव सहायता उपलब्ध कराएगी।

बयान के अनुसार, परिवार को पांच लाख रुपये का चेक सौंपा गया। साथ ही मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत आवास स्वीकृति प्रमाण पत्र और कृषि प्रयोजन के लिए भूमि पट्टे का प्रमाण पत्र भी दिया गया, ताकि परिवार को स्थायी आवास और सुरक्षा मिल सके।

अधिकारियों ने परिवार को भरोसा दिलाया कि संबंधित सभी सरकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी देरी के उपलब्ध कराया जाएगा।

इस बीच, समाजवादी पार्टी ने घोषणा की है कि पार्टी अध्यक्ष के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल 29 अप्रैल को गांव का दौरा करेगा और पीड़ित परिवार से मुलाकात करेगा।

इससे पहले 22 अप्रैल को सपा का एक प्रतिनिधिमंडल गांव पहुंचा था, जहां झड़प की स्थिति बन गई थी। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने आरोप लगाया था कि “प्रभावशाली तत्वों” और गांव के प्रधान ने उनके कार्यकर्ताओं पर हमला किया।

वहीं, किशोरी के पिता ने शनिवार को कहा कि मुख्य आरोपी उनकी शिकायत पर गिरफ्तार कर लिया गया है और कानून अपना काम कर रहा है। उन्होंने साफ कहा कि वह अपनी बेटी की मौत से बेहद दुखी हैं और नहीं चाहते कि कोई भी नेता केवल राजनीतिक लाभ के लिए उनके घर आए। उन्होंने पुलिस की कार्रवाई पर संतोष भी जताया।

खबरें और भी हैं

Latest News

Sitapur News : तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर, महिला और बेटे समेत 3 की मौत Sitapur News : तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर, महिला और बेटे समेत 3 की मौत
सीतापुर : उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के इमलिया सुलतानपुर इलाके में सीतापुर-गोला रोड पर रविवार को तेज रफ्तार ट्रक...
Varanasi News : 28 अप्रैल को काशी आएंगे पीएम मोदी, 6000 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं का करेंगे लोकार्पण-शिलान्यास
Ghazipur News : गंगा में किशोरी का शव मिलने के मामले में परिवार को 5 लाख की सहायता, सरकार ने सौंपा चेक
Bulandshahr News : बर्थडे पार्टी में खूनी खेल, ताबड़तोड़ फायरिंग में एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत
Ballia News : 343 रिक्रूट आरक्षियों की दीक्षांत परेड संपन्न, डीएम ने दिलाई पद एवं गोपनीयता की शपथ
Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.