Ballia News : पेट्रोल पंप बंद मिला तो होगी कार्रवाई, DM मंगला प्रसाद सिंह ने डीलरों को दी सख्त चेतावनी

बलिया : जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने शनिवार को विकास भवन सभागार में डीजल-पेट्रोल पंप डीलरों, सेल्स ऑफिसरों, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारियों और पूर्ति निरीक्षकों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में ईंधन आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और आम जनता को बिना परेशानी सेवा देने पर विशेष जोर दिया गया।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि एंबुलेंस जैसी आवश्यक सेवाओं के लिए पेट्रोल की उपलब्धता हर हाल में सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि पेट्रोल पंप संचालक पूरी ईमानदारी से कार्य करें और किसी भी स्थिति में आम लोगों को सेवा देने में लापरवाही न बरतें।

यह भी पढ़े - सनबीम स्कूल बलिया में ‘अंतर्यात्रा’ सांस्कृतिक संध्या का भव्य आयोजन, इतिहास और साहित्य से रूबरू हुए विद्यार्थी

उन्होंने पंपों पर बढ़ती भीड़ पर चिंता जताते हुए कहा कि अनावश्यक भीड़ न लगने दी जाए और सभी को व्यवस्थित तरीके से पेट्रोल-डीजल उपलब्ध कराया जाए। इंडियन ऑयल अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने स्टाफ और आपूर्ति से संबंधित पूरी जानकारी प्रशासन को उपलब्ध कराएं, ताकि स्थिति की सतत निगरानी की जा सके।

डीएम ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी पेट्रोल पंप पर पर्याप्त स्टॉक होने के बावजूद पंप बंद पाया गया, तो संबंधित मालिक के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि जिले में पहले से अधिक मात्रा में ईंधन की आपूर्ति हो रही है और किसी प्रकार की कमी नहीं है। लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बार-बार पेट्रोल भराने आने वाले लोगों पर नजर रखी जाए और पंपों पर उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जाए, ताकि किसी प्रकार का पैनिक न फैले।

उन्होंने पंप मालिकों को आश्वस्त किया कि सभी को पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध कराया जाएगा, लेकिन जमाखोरी किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि कोई समस्या आती है तो पंप संचालक प्रशासन और पुलिस की सहायता ले सकते हैं।

डीएम ने कहा कि वे स्वयं ईंधन आपूर्ति और बिक्री का पूरा डाटा चेक करेंगे। साथ ही पंपों पर पेयजल की व्यवस्था, पब्लिक एड्रेस सिस्टम और ग्राहकों के साथ बेहतर व्यवहार सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी, एआरटीओ अरुण कुमार राय, सभी पेट्रोल पंप मालिक एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.