- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- बलिया के पार्थ ने एनडीए परीक्षा में देशभर में पहला स्थान हासिल किया, गांव में खुशी की लहर
बलिया के पार्थ ने एनडीए परीक्षा में देशभर में पहला स्थान हासिल किया, गांव में खुशी की लहर
बलिया। जिले के लिए गर्व की बात है कि रसड़ा तहसील क्षेत्र के जकरिया गांव निवासी पार्थ कुमार तिवारी ने एनडीए-एनए परीक्षा (2), 2025 की अंतिम मेरिट सूची में देशभर में पहला स्थान हासिल कर जनपद का नाम रोशन किया है।
पार्थ के पिता नाथ शरण तिवारी ने बताया कि वह कर्नाटक के कोडगु जिले में सैनिक स्कूल से हिंदी विषय के शिक्षक पद से सेवानिवृत्त हैं। वर्ष 2007 में वह पत्नी किरण देवी के साथ कर्नाटक चले गए थे, जहां वर्ष 2009 में पार्थ का जन्म हुआ। उनकी प्रारंभिक शिक्षा वहीं ज्ञान गंगा स्कूल में हुई।
कक्षा छह में ही पार्थ का चयन राष्ट्रीय भारतीय सैन्य कॉलेज (RIMC), देहरादून में हो गया था। वह इसी वर्ष मई में 12वीं की परीक्षा देंगे। पार्थ ने दूरभाष पर बताया कि उन्होंने वर्ष 2025 में अपने पिता के कहने पर एनडीए के लिए आवेदन किया था।
उन्होंने बताया कि 14 सितंबर 2025 को देहरादून में लिखित परीक्षा हुई, जिसमें अक्टूबर में घोषित परिणाम में वह सफल रहे। इसके बाद जनवरी 2026 में बेंगलुरु में उनका एसएसबी इंटरव्यू हुआ, जिसे उन्होंने सफलतापूर्वक पास किया। मेडिकल परीक्षा में भी सफल होने के बाद अब उन्होंने देशभर में पहला स्थान हासिल किया है।
परिवार का कहना है कि सैनिक स्कूल के अनुशासित माहौल और पिता के मार्गदर्शन का ही परिणाम है कि पार्थ ने यह उपलब्धि हासिल की। बलिया के जकरिया गांव में उनके बड़े पिता चंद्रभूषण तिवारी और पूरा परिवार इस सफलता से बेहद उत्साहित है।
