मंगल पांडेय का बलिदान राष्ट्र और धर्म रक्षा का प्रतीक, इतिहास में उचित स्थान देने की मांग

दुबहर (बलिया)। 1857 की क्रांति के महानायक शहीद मंगल पांडेय के 169वें बलिदान दिवस पर उनके पैतृक गांव नगवां स्थित स्मारक पर भव्य संगोष्ठी का आयोजन किया गया। ‘1857 की क्रांति और वर्तमान परिवेश में इतिहासकारों की भूमिका’ विषय पर आयोजित इस चर्चा में वक्ताओं ने मंगल पांडेय के ऐतिहासिक योगदान को इतिहास के पन्नों में उचित स्थान दिए जाने की जरूरत पर जोर दिया।

संगोष्ठी को संबोधित करते हुए शहीद मंगल पांडेय स्मारक सोसायटी के मंत्री ओम प्रकाश तिवारी ने कहा कि मंगल पांडेय का बलिदान राष्ट्र, धर्म और देश की रक्षा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि दुर्भाग्यवश इतिहासकारों ने उनके योगदान के साथ वह न्याय नहीं किया, जिसके वे वास्तविक हकदार थे।

यह भी पढ़े - गाजीपुर : महड़ौर विद्युत उपकेंद्र का एमडी ने किया निरीक्षण, खामियां जल्द दूर करने के निर्देश

जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष उमाशंकर पाठक ने कहा कि मंगल पांडेय का बलिदान युगों-युगों तक अन्याय के खिलाफ संघर्ष की प्रेरणा देता रहेगा। वहीं मंगल पांडेय विचार मंच के अध्यक्ष कृष्णकांत पाठक ने आरोप लगाया कि कई इतिहासकारों ने अंग्रेजी सत्ता को खुश करने के लिए उनकी वीरता को सही ढंग से प्रस्तुत नहीं किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. जनार्दन राय ने कहा कि मंगल पांडेय जुल्म और अत्याचार के खिलाफ उठी बुलंद आवाज का नाम हैं और उनका अदम्य साहस सदियों तक भारतीयों के दिलों में जीवित रहेगा।

पूर्व जिला पंचायत सदस्य चंद्र प्रकाश पाठक ने शहीद की स्मृतियों को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए स्मारक को और अधिक भव्य एवं विशाल बनाने का प्रस्ताव रखा। स्वतंत्र पत्रकार रमाशंकर तिवारी ने उन्हें अत्याचारियों का विनाश करने वाला भारत माता का सच्चा सपूत बताया।

इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता अनिल राय, अरुण सिंह, संतोष चौबे, रूपेश चौबे सहित अन्य वक्ताओं ने भी विचार रखे। शहीद मंगल पांडेय स्मारक सोसायटी ने इस मौके पर उनके प्रपौत्र अनिल पांडेय, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिवार की उत्तराधिकारी कृष्ण कुमार पांडेय, पूर्व सैनिक अरुणेश पाठक और अंगद सिंह को माल्यार्पण व अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया।

बच्चों ने भव्य प्रभात फेरी निकालकर दिया संदेश

बलिदान दिवस के अवसर पर शिक्षा क्षेत्र दुबहर के दर्जनों परिषदीय विद्यालयों के बच्चों ने खंड शिक्षा अधिकारी राकेश सिंह के निर्देश पर स्मारक पहुंचकर भव्य प्रभात फेरी निकाली। “मंगल पांडेय अमर रहें” के नारों से पूरा क्षेत्र गुंजायमान हो उठा।

इस दौरान कंपोजिट विद्यालय नगवां, प्राथमिक विद्यालय पश्चिमी नगवां, कन्या प्राथमिक विद्यालय नगवां, शिवपुर दियर नई बस्ती, अखार, दादा के छपरा, जूनियर हाई स्कूल अखार, चकिया के बारी, बंधुचक और बाबा साधु चरण शिक्षण संस्थान नगवां के बच्चों ने स्वागत गीत और मंगल पांडेय पर आधारित कई सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।

कार्यक्रम में गणेश जी सिंह, अनिल कुमार, अखिलेश सिंह, धीरेन्द्र शुक्ल, राजकुमार गुप्ता, सोनू पांडेय, दीपक गुप्ता, गीता सिंह, चांदनी कुमारी, प्रियंका उपाध्याय, इंदू भूषण मिश्रा, आशीष उपाध्याय, मोहन यादव और रविन्द्र यादव सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

खबरें और भी हैं

Latest News

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.