- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- लखनऊ
- जनभागीदारी से और भव्य होगा उत्तर प्रदेश दिवस–2026, मुख्य अतिथि होंगे अमित शाह : मुख्यमंत्री योगी
जनभागीदारी से और भव्य होगा उत्तर प्रदेश दिवस–2026, मुख्य अतिथि होंगे अमित शाह : मुख्यमंत्री योगी
लखनऊ : इस वर्ष उत्तर प्रदेश दिवस–2026 को जनोत्सव के रूप में मनाया जाएगा, जिसमें प्रदेश के सभी जनपदों की सक्रिय भागीदारी, सांस्कृतिक विविधता और विकास यात्रा को एक साझा मंच पर प्रस्तुत किया जाएगा। 24 से 26 जनवरी तक आयोजित होने वाले इस तीन दिवसीय कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश की संस्कृति, शिल्प, पारंपरिक व्यंजन और विकास की उपलब्धियों को जनसहयोग के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस वर्ष उत्तर प्रदेश दिवस–2026 के मुख्य अतिथि भारत सरकार के गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह होंगे, जिससे इस आयोजन को राष्ट्रीय स्तर पर विशेष पहचान मिलेगी। मुख्य समारोह राजधानी लखनऊ स्थित राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर आयोजित किया जाएगा, जिसका सीधा प्रसारण पूरे प्रदेश में किया जाएगा।
उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर ‘विकसित भारत–विकसित उत्तर प्रदेश’ थीम पर विशेष प्रदर्शनी और शिल्प मेला भी आयोजित होगा। इसमें प्रदेश की विकास यात्रा, नवाचार, बुनियादी ढांचा, उद्योग, कृषि, महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता से जुड़ी उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जाएगा। इस वर्ष ‘एक जनपद–एक व्यंजन’ कार्यक्रम विशेष आकर्षण रहेगा, जिसमें प्रदेश के सभी जिलों के पारंपरिक व्यंजन एक ही परिसर में उपलब्ध होंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संस्कृति उत्सव 2025-26 के अंतर्गत प्रस्तावित सांस्कृतिक कार्यक्रमों को उत्तर प्रदेश दिवस से जोड़ने के निर्देश देते हुए कहा कि लोक, शास्त्रीय और समकालीन कला रूपों को मंच प्रदान किया जाए। साथ ही 24 जनवरी को होने वाले मुख्य समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले गणमान्य नागरिकों को आमंत्रित कर प्रदेश की सामूहिक उपलब्धियों का सम्मान किया जाएगा।
