UP News: तालाब में मछली की जगह फंसा नवजात का शव, गांव में मचा हड़कंप

मितौली: मितौली थाना क्षेत्र की मढ़िया बाजार पुलिस चौकी अंतर्गत दतेली खुर्द गांव के बाहर स्थित धोबहैय्या तालाब में उस समय सनसनी फैल गई, जब मछली पकड़ने के लिए डाले गए जाल में एक नवजात शिशु का शव फंस गया।

घटना बुधवार की बताई जा रही है। मछुआरे जब तालाब में जाल डाल रहे थे, तभी उसमें नवजात का शव दिखाई दिया। यह देख मछुआरे घबरा गए और जाल वहीं छोड़कर मौके से चले गए। कुछ ही देर में इस घटना की सूचना गांव में फैल गई, जिसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण तालाब के पास एकत्र हो गए।

यह भी पढ़े - तरनतारन में लॉ कॉलेज परिसर में छात्रा की गोली मारकर हत्या, आरोपी ने की आत्महत्या

सूचना मिलने पर मढ़िया बाजार चौकी प्रभारी लल्लन सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नवजात के शव को तालाब में किसने और किन परिस्थितियों में फेंका, इसकी जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.