स्पा सेंटर की आड़ में देह व्यापार का आरोप, कई युवतियां थाने पहुंचीं; हिंदू महासभा ने किया प्रदर्शन

लखनऊ: गोमतीनगर थाना क्षेत्र में कैफे और स्पा सेंटर की आड़ में देह व्यापार कराए जाने का आरोप सामने आया है। इस मामले में बुधवार को कई युवतियां थाने पहुंचीं और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

पीड़िताओं में शामिल एक युवती ने आरोप लगाया कि एक युवक ने धर्म छुपाकर उससे दोस्ती की और नौकरी दिलाने का झांसा दिया। आरोप है कि स्पा सेंटर और हुक्का बार में काम दिलाने के नाम पर उसे नशीला पदार्थ दिया गया, आपत्तिजनक वीडियो बनाए गए और बाद में ब्लैकमेल किया गया। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया।

यह भी पढ़े - यूपीएससी में चयनित हुईं बलिया की डॉ. नेहा सिंह, असिस्टेंट प्रोफेसर पद पर नियुक्ति

युवती का कहना है कि इस गिरोह की शिकार कई अन्य युवतियां भी हुई हैं, जिन्हें अमेठी, बाराबंकी और दिल्ली सहित अन्य स्थानों से नौकरी का लालच देकर लखनऊ बुलाया गया। आरोप है कि यहां उन्हें जबरन देह व्यापार में धकेलने की कोशिश की गई।

मामले को लेकर हिंदू महासभा के प्रवक्ता शिशिर चतुर्वेदी के नेतृत्व में अधिवक्ताओं का एक प्रतिनिधिमंडल गोमतीनगर थाने पहुंचा और पुलिस अधिकारियों से मुलाकात की। संगठन की ओर से आरोप लगाया गया कि पीड़ित युवतियों को न्याय दिलाने में देरी की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि एक पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि यदि अन्य पीड़िताएं भी लिखित शिकायत देती हैं तो उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.