Republic Day : गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर राज्यपाल ने दी शुभकामनाएं, कहा—हर क्षेत्र में नए कीर्तिमान बना रहा भारत

लखनऊ : उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने 77वें गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर प्रदेशवासियों सहित समस्त देशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने इसे भारतीय लोकतंत्र, संवैधानिक मूल्यों और राष्ट्रीय एकता का महान पर्व बताया।

लोकभवन की ओर से जारी बयान के अनुसार, राज्यपाल ने अपने संदेश में कहा कि गणतंत्र दिवस हमें भारतीय लोकतंत्र की मजबूती और संविधान की गरिमा का स्मरण कराता है। उन्होंने कहा, “यह पर्व भारतीयता के उस गौरवशाली स्वरूप को दर्शाता है, जो विविधताओं के बीच हमें एकता के सूत्र में बांधता है।”

यह भी पढ़े - यूपी की 14 ‘लखपति दीदियों’ को मिलेगा राष्ट्रीय सम्मान, गणतंत्र दिवस परेड में होंगी विशिष्ट अतिथि

राज्यपाल ने कहा कि भारतीय संविधान न केवल नागरिकों को अधिकार प्रदान करता है, बल्कि उन्हें उनके कर्तव्यों के प्रति भी सजग बनाता है। उन्होंने आगे कहा, “भारतीय लोकतंत्र की वास्तविक शक्ति उसकी विविधता, सहिष्णुता और सहभागिता में निहित है। इन्हीं मूल्यों के सहारे भारत आज विकास के हर क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है।”

आनंदीबेन पटेल ने कहा कि गणतंत्र दिवस हमें संविधान की शक्ति, उसकी मर्यादा और अपने दायित्वों को समझने व आत्मसात करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे इस अवसर पर संविधान निर्माताओं के आदर्शों और महापुरुषों के सपनों को साकार करने का संकल्प लें तथा एकजुट होकर आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.