उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस पर बलिया में उत्सव, विकास और सांस्कृतिक रंग

बलिया: उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर शनिवार को गंगा बहुउद्देशीय सभागार में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रभारी मंत्री दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया। इस मौके पर उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए लगभग 40 स्टालों का क्रमवार निरीक्षण किया। कार्यक्रम में एलईडी स्क्रीन के माध्यम से बलिया जनपद पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फिल्म का प्रदर्शन हुआ, साथ ही स्थापना दिवस का लाइव प्रसारण भी दिखाया गया।

प्रभारी मंत्री ने उत्तर प्रदेश के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और विकासात्मक महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि 1 अप्रैल 1937 को प्रदेश अस्तित्व में आया और स्वतंत्रता के बाद 24 जनवरी 1950 को इसे राज्य का दर्जा मिला, इसी कारण 24 जनवरी को स्थापना दिवस मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि लगभग 25 करोड़ की आबादी के साथ उत्तर प्रदेश देश का सबसे बड़ा राज्य है। भगवान बुद्ध की प्रथम उपदेश स्थली, काशी जैसे प्राचीन नगर, अयोध्या की देवभूमि और जैन तीर्थंकरों की जन्मस्थली होने के कारण प्रदेश की पहचान वैश्विक है। स्वतंत्रता संग्राम में भी चंद्रशेखर आज़ाद, रामप्रसाद बिस्मिल, अशफाक उल्ला खां और रानी लक्ष्मीबाई जैसे वीर सपूतों का योगदान अविस्मरणीय रहा है।

यह भी पढ़े - प्रेमिका की तवे से हत्या, 21 दिन बाद ऐसे कातिल तक पहुंची पुलिस

उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 के बाद कानून व्यवस्था, बुनियादी ढांचे और औद्योगिक विकास में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। आज प्रदेश में 24 घंटे बिजली, बेहतर सड़कें व एक्सप्रेसवे, मेडिकल कॉलेज, विश्वविद्यालय और 16 कार्यरत एयरपोर्ट हैं। आयुष्मान भारत, मुफ्त राशन और किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं के सफल क्रियान्वयन में उत्तर प्रदेश अग्रणी है। कृषि उत्पादन में भी प्रदेश शीर्ष स्थान पर है और विकास का मॉडल बनकर उभर रहा है।

जिलाधिकारी ने कहा कि उत्तर प्रदेश देश का सबसे बड़ा और सर्वाधिक जनसंख्या वाला राज्य है। बीते आठ वर्षों में बलिया जनपद विकास के पथ पर निरंतर आगे बढ़ा है। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे को जिला मुख्यालय से जोड़ने के लिए ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे का निर्माण प्रगति पर है। कटनाला परियोजना को गति मिली है और जनपद को मेडिकल कॉलेज की अनुमति मिलने से स्वास्थ्य सुविधाओं में बड़ा सुधार होगा। जिला प्रशासन बलिया को विकास के नए आयाम देने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

लाभार्थियों को मिला योजनाओं का लाभ

स्थापना दिवस के अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं के अंतर्गत लाभार्थियों को प्रमाण पत्र, चेक, टूल किट, स्मार्ट केन, आयुष्मान कार्ड और नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत 10 लाभार्थियों को प्रतीकात्मक रूप से आवास की चाबी सौंपी गई। स्वच्छ भारत मिशन, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, कौशल विकास मिशन, आईटीआई, दिव्यांगजन सशक्तिकरण, आयुष्मान भारत, सेवायोजन, एनआरएलएम, उद्यान व कृषि विभाग, समाज कल्याण, श्रम, पिछड़ा वर्ग कल्याण, उद्योग विभाग समेत कई योजनाओं के लाभार्थियों को सम्मानित किया गया।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन

जिले के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। सनबीम स्कूल अगरसंडा के विद्यार्थियों की देशभक्ति प्रस्तुति ने विशेष सराहना पाई। सरस्वती वंदना, स्वागत गीत और पूर्वी लोकनृत्य ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कंपोजिट विद्यालय माल्देपुर, उच्च माध्यमिक विद्यालय सरवाकला, महर्षि वाल्मीकि विद्या मंदिर और गुलाब देवी बालिका इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों ने भी प्रभावशाली प्रस्तुतियां दीं।

जनकल्याणकारी स्टालों से मिली जानकारी

गंगा बहुउद्देशीय सभागार में कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा, उद्योग, समाज कल्याण, दिव्यांगजन सशक्तिकरण, जल जीवन मिशन, खादी ग्रामोद्योग, आयुष, परिवहन, श्रम, खाद्य एवं रसद सहित अनेक विभागों के सूचना व जनकल्याणकारी स्टॉल लगाए गए, जहां आमजन को योजनाओं और सेवाओं की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में सीडीओ ओजस्वी राज, सीआरओ त्रिभुवन, पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह, जिला अध्यक्ष संजय मिश्रा, नारद राय, पूर्व जिलाध्यक्ष जयप्रकाश साहू सहित कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.