- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- लखनऊ
- यूपी की 14 ‘लखपति दीदियों’ को मिलेगा राष्ट्रीय सम्मान, गणतंत्र दिवस परेड में होंगी विशिष्ट अतिथि
यूपी की 14 ‘लखपति दीदियों’ को मिलेगा राष्ट्रीय सम्मान, गणतंत्र दिवस परेड में होंगी विशिष्ट अतिथि
लखनऊ। नई दिल्ली में आयोजित होने वाली गणतंत्र दिवस परेड में उत्तर प्रदेश की 14 ‘लखपति दीदियों’ को विशिष्ट अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने गुरुवार को कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में नारी शक्ति आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में अहम भूमिका निभा रही है। गांव की बेटियां और बहुएं ‘लखपति दीदी’ बनकर न सिर्फ अपने परिवार, बल्कि समाज और अर्थव्यवस्था को भी सशक्त कर रही हैं। उन्होंने कहा कि यह सम्मान प्रदेश की करोड़ों महिलाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा।
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं ने खेती, डेयरी, ई-रिक्शा संचालन, कैफे, मसाला निर्माण, सौंदर्य प्रसाधन, गो-आधारित उत्पादों और लघु उद्योगों के माध्यम से अपनी आर्थिक स्थिति को मजबूत किया है।
राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन की निदेशक दीप रंजन ने बताया कि चयनित लखपति दीदियों में गोरखपुर की मन्शा देवी और राजकुमारी देवी, झांसी की प्रवेश कुमारी, बिजनौर की रितु देवी और सुमन देवी, कौशाम्बी की सरिता देवी, अलीगढ़ की ऋतु शर्मा, चित्रकूट की निर्मला देवी, इटावा की मन्त्रवती शाक्य और विजेता गोयल, सम्भल की अनुपमा सिंह और मोनिका, रायबरेली की गुड़िया देवी तथा देवरिया की आशा शामिल हैं।
उप मुख्यमंत्री ने सभी चयनित लखपति दीदियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि उत्तर प्रदेश की ग्रामीण महिलाओं की मेहनत, आत्मविश्वास और उद्यमशीलता का सशक्त प्रमाण है।
