- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- लखनऊ
- Lucknow Crime News : प्रेमी ने की प्रेमिका की हत्या, 12 दिन बाद जंगल से मिले कंकालनुमा अवशेष
Lucknow Crime News : प्रेमी ने की प्रेमिका की हत्या, 12 दिन बाद जंगल से मिले कंकालनुमा अवशेष
बख्शी का तालाब, लखनऊ। सीतापुर जिले के संधना थाना क्षेत्र से लापता 19 वर्षीय युवती की हत्या का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। पुलिस ने आरोपी प्रेमी की निशानदेही पर बख्शी का तालाब (बीकेटी) क्षेत्र के देवरई कला गांव के पास जंगल से युवती के कंकालनुमा अवशेष बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में प्रेम-प्रसंग और गर्भवती होने के बाद हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
विवेचना के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों और संदिग्ध विशाल पाल निवासी ग्राम सरैया, थाना संधना से पूछताछ में महत्वपूर्ण सुराग मिले। इसके बाद पुलिस शनिवार सुबह आरोपी को साथ लेकर बीकेटी क्षेत्र के देवरई कला जंगल पहुंची। आरोपी की निशानदेही पर जंगल से युवती के कपड़े, चप्पल, खोपड़ी और बाल बरामद किए गए।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी और युवती के बीच प्रेम संबंध थे। आरोप है कि युवती के गर्भवती होने के बाद आरोपी ने उसकी हत्या कर दी और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को किसान पथ (आउटर रिंग रोड) के किनारे जंगल में फेंक दिया। करीब 12 दिन बीत जाने के कारण शव पूरी तरह क्षत-विक्षत होकर कंकाल में तब्दील हो चुका था।
सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए। बरामद अवशेषों को पोस्टमार्टम और अन्य विधिक प्रक्रिया के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पहचान की वैज्ञानिक पुष्टि के लिए डीएनए परीक्षण भी कराया जाएगा।
कपड़ों और चप्पल से हुई पहचान
जंगल से बरामद कपड़े, चप्पल और अन्य सामान की पहचान परिजनों ने मानसी के रूप में की है। हालांकि पुलिस ने किसी भी तरह की आशंका को समाप्त करने के लिए डीएनए जांच की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।
गर्भवती होने की आशंका बनी हत्या की वजह
पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि युवती और आरोपी के बीच प्रेम संबंध थे। पूछताछ में युवती के गर्भवती होने की बात भी सामने आई है। पुलिस को आशंका है कि इसी वजह से हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया। हालांकि हत्या के वास्तविक कारणों की पुष्टि विवेचना और वैज्ञानिक रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
