- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- लखनऊ
- UP News: धर्मांतरण के आरोप में सात गिरफ्तार, कोर्ट में पेशी के बाद भेजे गए जेल
UP News: धर्मांतरण के आरोप में सात गिरफ्तार, कोर्ट में पेशी के बाद भेजे गए जेल
लखनऊ। मोहनलालगंज क्षेत्र में कथित रूप से लोगों पर ईसाई धर्म अपनाने का दबाव बनाकर धर्मांतरण कराने के मामले में गिरफ्तार सातों आरोपियों को पुलिस ने शुक्रवार को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपियों से कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं।
ग्रामीणों की शिकायत पर दर्ज हुआ था मुकदमा
इंस्पेक्टर रामबाबू सिंह के अनुसार, बुधवार रात भरसवा गांव में चंद्रभान के घर आयोजित एक बैठक के दौरान ग्रामीणों ने धर्मांतरण का आरोप लगाते हुए विरोध किया था। ग्रामीण अमित कुमार की शिकायत पर मोहनलालगंज थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। जांच के बाद पुलिस ने डेनियल, उसकी पत्नी सुबला, चंद्रभान, उसकी पत्नी आरती, सीमा, अजय रावत और उसकी पत्नी शीला को गिरफ्तार कर लिया।
इलाज और आर्थिक मदद का झांसा देने का आरोप
पुलिस का दावा है कि पूछताछ और जांच में सामने आया कि लोगों को बीमारी के इलाज, आर्थिक सहायता और विवाह में मदद का आश्वासन देकर ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित किया जाता था। एक गवाह ने पुलिस को बताया कि उसे पैर दर्द के इलाज के बहाने चर्च ले जाया गया, जहां बाद में उसका धर्मांतरण कराया गया।
मुख्य आरोपी ने पूछताछ में क्या बताया
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी डेनियल ने पूछताछ में बताया कि उसका पहले नाम बाला सुब्रमण्यम था। उसने दावा किया कि 16 वर्ष की आयु में उसकी मुलाकात सुबला से हुई, जिसके बाद उसने ईसाई धर्म अपनाकर विवाह किया। बाद में वर्ष 1998 में वह धर्म प्रचार के उद्देश्य से लखनऊ आया और उसे वाराणसी सर्किल का पास्टर बनाया गया।
पुलिस का कहना है कि आरोपी ने पूछताछ में यह भी बताया कि अधिक से अधिक लोगों को चर्च से जोड़ने का लक्ष्य दिया जाता था और इसके बदले आर्थिक सहायता भी मिलती थी।
फिलहाल, मामले में पुलिस की जांच जारी है। आरोपियों के विरुद्ध लगाए गए आरोपों का अंतिम निर्णय न्यायालय में सुनवाई के बाद होगा।
