गणतंत्र दिवस-2026 पर डीजीपी ने फहराया राष्ट्रीय ध्वज, पुलिसकर्मियों को किया सम्मानित

लखनऊ। 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कृष्ण ने तिलक मार्ग स्थित अपने आवास/कैम्प कार्यालय तथा पुलिस मुख्यालय, गोमती नगर विस्तार में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को संविधान के प्रति निष्ठा की शपथ दिलाई और प्रदेश के समस्त पुलिसकर्मियों व उनके परिवारजनों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं।

डीजीपी ने अमर बलिदानियों और वीर शहीदों को नमन करते हुए कहा कि उनके त्याग और बलिदान के कारण ही देश का गणराज्य सुरक्षित और सशक्त है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश पुलिस प्रोफेशनलिज़्म, तत्परता और अपराध के प्रति ज़ीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ज़ीरो टॉलरेंस तभी प्रभावी होगा, जब वह दैनिक कार्यशैली और निर्णय प्रक्रिया में भी परिलक्षित हो।

यह भी पढ़े - राजकीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी फार्मासिस्ट संघ बलिया का हुआ चुनाव, देवेन्द्र नाथ तिवारी बने अध्यक्ष

26jan-41.jpg

पुलिस महानिदेशक ने संविधान आधारित पुलिसिंग, कानून के शासन, निष्पक्षता, पारदर्शिता और नागरिक सम्मान को पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी बताया। उन्होंने कहा कि नागरिक-केंद्रित सेवा, महिला सुरक्षा, मिशन शक्ति और साइबर अपराधों पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई पुलिस का अहम दायित्व है। साथ ही वैज्ञानिक विवेचना, फॉरेंसिक संसाधनों के विस्तार और प्रशिक्षण के माध्यम से न्याय प्रक्रिया को और मजबूत करने पर जोर दिया।

डीजीपी ने पुलिस वेलफेयर, मनोबल वृद्धि और प्रशिक्षण को विशेष महत्व देने की बात कही। उन्होंने बताया कि 60 हजार नव-भर्ती कांस्टेबलों के लिए हाइब्रिड मोड में विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम लागू किया गया है, जिसमें संवैधानिक आचरण, नागरिक-मित्र व्यवहार, बेसिक कानून, साइबर जागरूकता, ड्यूटी एथिक्स और आपातकालीन प्रतिक्रिया पर विशेष फोकस किया गया है।

26jan-4.jpg

गणतंत्र दिवस के अवसर पर केंद्र सरकार द्वारा उत्तर प्रदेश पुलिस के 18 कर्मियों को वीरता पदक, 4 को राष्ट्रपति का विशिष्ट सेवा पदक और 68 को सराहनीय सेवा पदक प्रदान किए गए। इसके अलावा 47 पुलिसकर्मियों को उत्कृष्ट सेवा सम्मान चिन्ह, 198 को सराहनीय सेवा सम्मान चिन्ह और 470 को पुलिस महानिदेशक का प्रशंसा चिन्ह प्रदान किया गया। वहीं मुख्यमंत्री द्वारा 10 पुलिसकर्मियों को वीरता पदक और 25 को प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया गया।

मुख्य पुरस्कार विजेता इस प्रकार रहे

उत्कृष्ट सेवा सम्मान चिन्ह

विनय कुमार सिंह (निरीक्षक, एसटीएफ)

महेन्द्र कुमार (मुख्य आरक्षी, ईओडब्ल्यू)

दिलीप कुमार यादव (आरक्षी चालक, विशेष जांच)

सराहनीय सेवा सम्मान चिन्ह

संजय कुमार शुक्ला (निरीक्षक, जीआरपी मुख्यालय)

नरेन्द्र सिंह (उपनिरीक्षक, जनपद हरदोई)

डीजीपी प्रशंसा चिन्ह (प्लेटिनम)

अमृता मिश्रा (पुलिस अधीक्षक, स्थापना)

उमेश देव पाण्डेय (निरीक्षक, अपराध शाखा)

डीजीपी प्रशंसा चिन्ह (गोल्ड)

मो. इमरान (डीआईजी, भवन/कल्याण)

आशुतोष कुमार सिंह, पुष्पेन्द्र नाथ, अशोक कुमार, धीरज सिंह

डीजीपी प्रशंसा चिन्ह (सिल्वर)

शिवम मिश्रा, जावेद खां, संतोष कुमार, मनीष कुमार

अंत में पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने सभी सम्मानित पुलिसकर्मियों को बधाई देते हुए कहा कि वर्ष 2026 में उत्तर प्रदेश पुलिस की पहचान विधिसम्मत कार्रवाई, नागरिकों के प्रति सम्मान और समयबद्ध सेवा के रूप में और अधिक सशक्त की जाएगी। यह गणतंत्र दिवस प्रदेश की कानून-व्यवस्था, नागरिक सुरक्षा और उत्कृष्ट पुलिसिंग के संकल्प का प्रतीक बन गया।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.