प्रेमिका और उसके साथी की ब्लैकमेलिंग से तंग आकर युवक ने की आत्महत्या, सुसाइड नोट में लिखे गंभीर आरोप

Ghaziabad Crime News: गाजियाबाद के लोनी थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां प्रेमिका और उसके साथी की मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर 28 वर्षीय पवन कुमार ने आत्महत्या कर ली। पवन लोनी के बंथला इलाके में अपने परिवार के साथ रहता था और ढलाई का कार्य करता था।

मंगलवार रात पवन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें उसने आत्महत्या करने की बात कही थी। वीडियो देखने के बाद परिजन जब उसके कमरे में पहुंचे तो उन्होंने पवन को फंदे से लटका पाया। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

यह भी पढ़े - Ghaziabad News : परफ्यूम फैक्ट्री में भीषण आग, 12 दमकल गाड़ियों ने पाया काबू

सुसाइड नोट में किए चौंकाने वाले खुलासे

पवन कुमार ने आत्महत्या से पहले तीन पन्नों का सुसाइड नोट लिखा था, जिसमें उसने अपनी प्रेमिका और उसके साथी सरफराज पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पवन ने लिखा कि वह प्रेमिका से सच्चा प्यार करता था, लेकिन अब वही लड़की अपने साथी के साथ मिलकर उसे ब्लैकमेल कर रही थी। आरोपियों ने उससे नकदी और जेवरात भी हथिया लिए थे।

पवन ने सुसाइड नोट में यह भी लिखा कि लड़कों को भी बेटियों की तरह संभालने की जरूरत है, क्योंकि अब उन्हें भी मानसिक प्रताड़ना झेलनी पड़ रही है। उसने सरफराज पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108 के तहत कार्रवाई की मांग की है, जिसके तहत 10 साल की सजा का प्रावधान है। इसके अलावा उसने ‘रानी अंटी’ नाम की महिला का जिक्र करते हुए कहा कि ब्लैकमेलिंग उसी के कहने पर की जा रही थी और उससे भी पूछताछ की जानी चाहिए।

इस मामले में एसीपी लोनी, सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि फिलहाल परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। हालांकि, वायरल वीडियो और सुसाइड नोट के आधार पर मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी तथ्यों की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.