UP News: आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा, बस-ट्रक की टक्कर में तीन बारातियों की मौत

Firozabad News। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर शनिवार को हुए भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। दिल्ली से जालौन जा रही बारातियों से भरी एक निजी बस टाइल्स से लदे ट्रक से पीछे से टकरा गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल तीन यात्रियों ने इलाज के दौरान सैफई पीजीआई में दम तोड़ दिया।

जानकारी के मुताबिक, फौजी ट्रैवेल्स की निजी बस दिल्ली से करीब 50 बारातियों को लेकर जालौन जा रही थी। बस जैसे ही नगला खंगर क्षेत्र में एक्सप्रेस-वे के 68.300 किलोमीटर के पास पहुंची, तभी बस चालक राहुल को झपकी आ गई। झपकी के चलते बस अनियंत्रित होकर सामने चल रहे टाइल्स से लदे ट्रक से टकरा गई।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला और बायां हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस हादसे में बस के आगे बैठे तीन यात्री नीचे गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए।

सूचना मिलते ही यूपीडा और नगला खंगर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सैफई पीजीआई भेजवाया, जहां इलाज के दौरान तीनों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान अंशुल (थाना कोंच, जालौन), उमा देवी (पश्चिम विहार, दिल्ली) और यशिका सिरोठिया (स्टेशन रोड, तुलसी नगर, थाना कोतवाली उरई, जालौन) के रूप में हुई है।

सीओ सिरसागंज अनिमेष कुमार ने बताया कि मृतकों के परिजनों को सूचित कर दिया गया है और घटना की जांच की जा रही है। हादसे के बाद बारात में मातम पसर गया।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.