बलिया में शादी समारोह के दौरान मारपीट, भागते समय सड़क हादसे में युवक की मौत

बलिया: जिले में एक वैवाहिक कार्यक्रम के दौरान डीजे बजाने को लेकर हुआ विवाद उस समय मातम में बदल गया, जब मारपीट के बाद बाइक से भाग रहे तीन बाराती सड़क हादसे का शिकार हो गए। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के चाड़ी गांव निवासी छांगुर राजभर के घर से बारात बांसडीह कोतवाली क्षेत्र के जयनगर गांव निवासी गणेश राजभर के यहां गई थी। द्वारपूजा के दौरान देर रात डीजे बजाने को लेकर घराती और बाराती पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। दोनों पक्षों की ओर से लाठी-डंडे चलने लगे।

यह भी पढ़े - बरेली में मोबाइल लूट का विरोध करने पर आईटीआई छात्र को गोली मारी, घायल

मारपीट के दौरान भयभीत होकर छांगुर राजभर के रिश्तेदार, उभांव थाना क्षेत्र के तेलमा गांव निवासी 24 वर्षीय सत्येंद्र राजभर, अपने दो साथियों—चाड़ी गांव निवासी 22 वर्षीय शैलेश राजभर और 23 वर्षीय नितिन राजभर—के साथ बाइक से वहां से भाग निकले।

बताया गया कि टीएस बंधा मार्ग पर बांसडीह कोतवाली क्षेत्र के ताहिरपुर गांव के पास तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे में सत्येंद्र राजभर के सिर में गंभीर चोट आई और वह मौके पर ही बेहोश हो गया, जबकि शैलेश और नितिन भी गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद घायल युवकों द्वारा सत्येंद्र को देर रात प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मनियर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मौत की पुष्टि की।

घटना की सूचना मिलते ही शादी वाले घर में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.