- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- सादा जीवन और उच्च विचार के प्रतीक थे पूर्व प्रधान केदारनाथ पाठक
सादा जीवन और उच्च विचार के प्रतीक थे पूर्व प्रधान केदारनाथ पाठक
बलिया: न्याय पंचायत अखार के पूर्व सरपंच एवं ग्राम पंचायत नगवां के पूर्व प्रधान केदारनाथ पाठक की 29वीं पुण्यतिथि गुरुवार को उनके पैतृक आवास पर श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर लोगों ने उनके तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनके सामाजिक योगदान को याद किया।
धर्मेंद्र सिंह (प्रतिनिधि, परिवहन मंत्री, उत्तर प्रदेश सरकार) ने कहा कि केदारनाथ पाठक सादा जीवन और उच्च विचार के प्रतीक थे। उन्होंने जीवनभर वंचितों और शोषितों के अधिकारों के लिए संघर्ष किया। दुबहर के पूर्व प्रमुख दिनेश पाठक ने कहा कि भले ही पाठक जी आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके द्वारा कराए गए विकास कार्य आज भी उनकी कर्तव्यनिष्ठा की गवाही देते हैं।
कांग्रेस नेता ओमप्रकाश तिवारी ने कहा कि केदारनाथ पाठक उच्च विचारों और रचनात्मक सोच के धनी व्यक्ति थे। समाजवादी पार्टी के नेता रामेश्वर पासवान ने कहा कि मंगल पांडे की पावन धरती का सर्वांगीण विकास ही उनका सच्चा सपना था।
पुण्यतिथि के अवसर पर जनसेवा की भावना के तहत नि:शुल्क नेत्र स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का भी आयोजन किया गया। शिविर में सैकड़ों लोगों ने आंखों की जांच कराई, जिन्हें आवश्यकतानुसार दवाएं और चश्मे वितरित किए गए।
इस अवसर पर डॉ. रविनाथ तिवारी, कमलेश पांडे, प्रमोद पांडेय, अरुणेश पाठक, अजय अंबेडकर, जवाहरलाल पाठक, रणजीत सिंह, सरल पासवान सहित अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन बृजकिशोर पाठक और नितेश पाठक ने संयुक्त रूप से किया, जबकि अजीत पाठक ने सभी आगंतुकों और नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
