- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- सुखपुरा खेल महोत्सव: अन्तर्जनपदीय फुटबाल का खिताबी मुकाबला पडरौना और झारखण्ड के बीच
सुखपुरा खेल महोत्सव: अन्तर्जनपदीय फुटबाल का खिताबी मुकाबला पडरौना और झारखण्ड के बीच
बलिया: सुखपुरा के अमर सेनानियों की स्मृति में स्वतंत्रता शहीद स्मारक समिति, सुखपुरा की ओर से संत यतीनाथ स्टेडियम में आयोजित सुखपुरा खेल महोत्सव के तहत चल रही अन्तर्जनपदीय फुटबाल प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला अब पडरौना और झारखण्ड की टीमों के बीच खेला जाएगा।

मैच की शुरुआत से ही दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। पडरौना की ओर से प्रथम हॉफ के 16वें मिनट में हेरी ने शानदार मैदानी गोल करते हुए टीम को बढ़त दिलाई। बेल्थरारोड के खिलाड़ियों ने कई बेहतरीन मूव बनाए, लेकिन वे गोल में तब्दील नहीं कर सके। पडरौना ने अपनी बढ़त अंत तक बनाए रखी।
खचाखच भरे स्टेडियम में मुख्य अतिथि डॉ. अरुण सिंह, निदेशक सनबीम स्कूल बलिया ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर मैच का विधिवत उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि आज के युवा खेल मैदान से दूर होते जा रहे हैं और ऐसे आयोजन उन्हें खेलों की ओर आकर्षित करने में अहम भूमिका निभाते हैं।
मैच में रेफरी की भूमिका अमल कुंवर, अजीत सिंह और राजू राय ने निभाई, जबकि गोल जज के रूप में अजय सिंह और अहमद खान मौजूद रहे। राणा सिंह मटेलू की प्रभावी कमेंट्री ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। आयोजन समिति की ओर से उमेश सिंह ने सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
अब फुटबाल प्रेमियों को सुखपुरा खेल महोत्सव के खिताबी मुकाबले में पडरौना और झारखण्ड के बीच रोमांचक संघर्ष का इंतजार है।
