Banda News: राजकीय सम्मान के साथ हुआ ITBP जवान का अंतिम संस्कार, शव देख पत्नी हुई बेसुध

बांदा में आईटीबीपी जवान का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम-संस्कार हुआ। तिरंगे में लिपटा पति का शव देखते ही पत्नी बेसुध हो गई। राज्यमंत्री समेत अन्य प्रतिनिधियों ने श्रद्धांजलि दी।

बांदा: आईटीबीपी जवान का तिरंगे में लिपटा हुआ शव गांव में पहुंचा तो माहौल गमगीन हो गया। पति का शव देखते ही पत्नी दहाड़ मारकर रो पड़ी और बेसुध हो गई। परिवारीजनों और पड़ोसी महिलाओं ने उसे संभाला। आईटीबीपी जवानों ने गार्ड आफ आनर देकर अंतिम विदाई दी। पूरे राजकीय सम्मान के साथ पैृतक गांव में जवान का अंतिम संस्कार हुआ। जल शक्ति राज्यमंत्री समेत पूर्व विधायक व अन्य जनप्रतिनिधियों ने जवान को श्रद्धांजलि दी।

गौरतलब है कि भारत-चीन सीमा पर स्थित पोस्ट पर सामान छोड़कर पैदल लौट रहे आईटीबीपी जवान त्रिमोहन सिंह (35) पुत्र बाबूलाल सिंह निवासी अतरहट (चिल्ला) की चट्टान से गहरी खाई में गिर कर मौत हो गई थी। इस पर आईटीबीपी ने रेस्क्यू चलाकर जवान के शव को खाई से बाहर निकाला। मंगलवार को आईटीबीपी कमांडेंट अमित कटियार जवान का तिरंगे में लिपटा शव पैतृक गांव पहुंचे तो माहौल गमगीन हो गया।

यह भी पढ़े - बहराइच : विवाहिता और दो मासूम बेटियों की संदिग्ध मौत, पिता ने ससुराल पक्ष पर हत्या का लगाया आरोप

परिवार में कोहराम मच गया। पति का शव देखते ही पत्नी पूनम दहाड़ मारकर रो पड़ी और बेसुध हो गई। परिवारीजनों और पड़ोसी महिलाओं ने बमुश्किल उसे संभाला। इस दौरान भारत माता की जय और त्रिमोहन सिंह अमर रहे के नारे गूंज उठे। आइटीबीपी के जवानों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देकर अंतिम विदाई दी।

जवान के अंतिम दर्शनों के लिए समूचे क्षेत्र से हजारों की संख्या में लोग एकत्रित हुए। जल शक्ति राज्य मंत्री रामकेश निषाद, पूर्व विधायक दलजीत सिंह, जयराम सिंह बछेउरा, अशोक सिंह गौर, पिपरहरी प्रधान सुरेंद्र सिंह, चिल्ला थाना प्रभारी मोनी निषाद सहित उपस्थित लोगों ने जवान को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान कमांडेंट अमित कटियार ने मौके पर मौजूद रहकर उन्हें अंतिम सलामी दी।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.