बलिया में लूट की घटना को चोरी में दर्ज करने पर थाना प्रभारी निलंबित

बलिया: बैरिया थाना क्षेत्र के भीखाछपरा नई बस्ती (मूंज के डेरा) में मोतीलाल गोड़ के घर हुई लूट की घटना को चोरी के रूप में दर्ज किए जाने के मामले में पुलिस अधीक्षक डॉ. ओमवीर सिंह ने कड़ी कार्रवाई की है। मामले में तत्कालीन प्रभारी निरीक्षक विपिन सिंह को निलंबित कर दिया गया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह घटना रविवार रात की है। आरोप है कि लूट जैसी गंभीर घटना को थाने पर चोरी में दर्ज किया गया, जिससे मामले की वास्तविकता छिप गई। इस पर उच्चाधिकारियों के संज्ञान में मामला आने के बाद जांच की गई।

यह भी पढ़े - झांसी में शादी समारोह के दौरान बुजुर्ग की हार्ट अटैक से मौत, सीसीटीवी में कैद हुई घटना

बताया जा रहा है कि इससे पहले पुलिस अधीक्षक द्वारा विपिन सिंह का स्थानांतरण चितबड़ागांव थाने के लिए किया जा चुका था। हालांकि, मंगलवार देर शाम आजमगढ़ परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक सुनील कुमार सिंह के मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिवार से बातचीत करने के बाद घटना के वास्तविक तथ्य सामने आए, जिसके बाद निलंबन की कार्रवाई की गई।

सीओ बैरिया मोहम्मद फहीम कुरैशी ने निलंबन की पुष्टि करते हुए बताया कि लूट की घटना का जल्द खुलासा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मामले की जांच तेजी से की जा रही है और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि गंभीर अपराधों में लापरवाही या गलत वर्गीकरण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.