भोपाल में छात्रा से दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग का आरोप, जिम संचालक गिरफ्तार

भोपाल: राजधानी भोपाल में एक छात्रा से दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग के मामले में कोहेफिजा थाना पुलिस ने 365 जिम के संचालक माज खान को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 13 फरवरी तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले में एक अन्य आरोपी औसाफ अली खान को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पीड़िता ने शिकायत में आरोप लगाया है कि आरोपियों ने अलग-अलग समय पर उसे कई कारों में ले जाकर दुष्कर्म किया और इस दौरान उसका अश्लील वीडियो भी बनाया गया। आरोप है कि वीडियो के आधार पर छात्रा को लंबे समय तक ब्लैकमेल किया गया और बार-बार संबंध बनाने का दबाव डाला गया।

यह भी पढ़े - इंटरनेट बंदी पर संसद में नीरज मौर्य ने उठाए सवाल, बोले—वॉइस कॉल से नहीं चलता डिजिटल भारत

पुलिस के अनुसार, एक घटना महिंद्रा थार वाहन में हुई थी। इस वाहन को कथित तौर पर सीहोर जिले के खानू गांव में छिपाकर रखा गया है। वाहन की बरामदगी के लिए पुलिस टीम द्वारा दबिश दी जा रही है।

जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों ने वीडियो वायरल करने की धमकी देकर पीड़िता से करीब 40 हजार रुपये की वसूली की। पुलिस का कहना है कि यह ब्लैकमेलिंग का मामला केवल आर्थिक लाभ तक सीमित नहीं था, बल्कि इसका इस्तेमाल मानसिक दबाव बनाने के लिए भी किया गया।

मामले से जुड़े डिजिटल साक्ष्य पुलिस के लिए अहम हैं। जिस मोबाइल फोन से वीडियो बनाया गया था, वह अभी तक बरामद नहीं हो सका है। पुलिस रिमांड के दौरान मुख्य आरोपी से इस संबंध में पूछताछ की जा रही है। कॉल डिटेल रिकॉर्ड और सोशल मीडिया गतिविधियों की भी जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि कहीं इस तरह की वारदात अन्य पीड़िताओं के साथ तो नहीं हुई।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग और आईटी एक्ट सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित करने के लिए फॉरेंसिक टीम की मदद ली जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच गंभीरता से की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.