बलिया में पट्टीदारों की पिटाई से युवक की मौत, आक्रोशित लोगों ने लगाया जाम

बलिया: नगरा थाना क्षेत्र के सेमरी मौजा स्थित कालीचौरा डेरा में रविवार को बिजली के विवाद को लेकर पट्टीदारों के बीच हुई मारपीट में 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने नगरा-गड़वार मार्ग पर काली माता मंदिर के पास जाम लगा दिया।

सूचना मिलने पर सीओ रसड़ा रजनीश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने चार लोगों को हिरासत में लिए जाने की जानकारी दी, जिसके बाद लोगों ने जाम समाप्त कर दिया।

यह भी पढ़े - बलिया में फोटोग्राफरों से DSLR कैमरा लूटने वाले चार आरोपी गिरफ्तार, कैमरे और बाइक बरामद

बिजली बनाने को लेकर हुआ विवाद

सीओ के अनुसार, सेमरी मौजा के कालीचौरा डेरा निवासी सोनू यादव (25), पुत्र रामकवल यादव के घर की बिजली आंधी, तूफान और बारिश के कारण खराब हो गई थी। रविवार को सोनू अपने पट्टीदार शैलेंद्र यादव पुत्र सुमेर यादव के घर के सामने बिजली के खंभे से बिजली कनेक्शन ठीक करने का प्रयास कर रहा था।

इसी बात को लेकर शैलेंद्र ने विरोध किया और दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि इसके बाद शैलेंद्र यादव और उसके परिवार के लोगों ने सोनू के साथ मारपीट कर दी, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

इलाज के दौरान हुई मौत

घायल सोनू को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार, तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर नामजद आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

मौके पर पुलिस बल तैनात है। पुलिस मामले में अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.