बलिया में परिवहन विभाग ने चलाया जागरूकता अभियान, हिट एंड रन पीड़ितों के मुआवजे की दी जानकारी

बलिया: एआरटीओ अरुण कुमार राय के निर्देश पर सेवा संकल्प अभियान के तहत परिवहन विभाग की जन उपयोगी सेवाओं के प्रचार-प्रसार के लिए सहायक संभागीय परिवहन कार्यालय परिसर और सहतवार में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान लोगों को परिवहन विभाग की ऑनलाइन सेवाओं और सड़क दुर्घटनाओं से जुड़ी सहायता योजनाओं की जानकारी दी गई।

अधिकारियों ने बताया कि परिवहन विभाग की प्रमुख सेवाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इससे लोगों को परिवहन कार्यालय के अनावश्यक चक्कर लगाने से राहत मिलेगी और घर बैठे कई सेवाओं का लाभ लिया जा सकेगा।

यह भी पढ़े - बलिया को स्वच्छ और सुंदर बनाने पर जोर, हर दुकानदार को रखना होगा डस्टबिन

हिट एंड रन में मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपये

कार्यक्रम में हिट एंड रन योजना की जानकारी देते हुए बताया गया कि अज्ञात वाहन द्वारा टक्कर मारकर फरार हो जाने की स्थिति में दुर्घटना में मृत व्यक्ति के उत्तराधिकारी को नियमानुसार दो लाख रुपये का मुआवजा दिया जाता है।

वहीं, दुर्घटना के बाद घायल व्यक्ति को एक घंटे के भीतर अस्पताल पहुंचाने वाले मददगार को रहबीर योजना के तहत 25 हजार रुपये का पुरस्कार दिए जाने की जानकारी भी दी गई।

घायल को डेढ़ लाख तक कैशलेस इलाज

अधिकारियों ने बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को अस्पताल में डेढ़ लाख रुपये तक के कैशलेस इलाज की सुविधा उपलब्ध है। लोगों को इन योजनाओं की जानकारी देने के लिए परिवहन विभाग की ओर से पंपलेट भी वितरित किए गए।

अधिकारियों ने आमजन से अपील की कि सड़क दुर्घटना की स्थिति में घायलों की तत्काल मदद के लिए आगे आएं और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाएं।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.